कोर्ट में तारिख से लौट रहे बाइक सवार को अपहरण कर बनाया बंधक
Hapur News - बहादुरगढ़ के गांव सिकंदरपुर निवासी एक युवक पर गढ़ रोड पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। उसे बंधक बना कर मारपीट की गई। युवक किसी तरह चंगुल से बचकर मंडी चौकी पहुंचा और शिकायत दी। पुलिस ने अब दो नामजद आरोपियों सहित 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी एक युवक पर देहात थाना क्षेत्र के गढ़ रोड पर कुछ युवकों ने उस वक्त हमला कर दिया, जब वह कोर्ट से तारिख लगाकर बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। युवकों ने गढ़ रोड पर उसे घेर लिया और अपहरण कर अपने घर ले जाकर बंधक बना दिया। जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया। किसी प्रकार वह चंगुल से बचकर मंडी चौकी पर पहुंचा और शिकायत दी। लेकिन जब पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव सिकंदरपुर निवासी ललित ने बताया कि 18 नवंबर की दोपहर को वह हापुड़ कोर्ट से अपनी तारीख पर सुनवाई करने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। जब वह गढ़ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो पहले से घात लगाकर बैठे गांव सोटावली निवासी जसविंदर और पुनिल ने अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ उसका रास्ता रोकते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार उसे नीचे गिरा दिया। जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए उसके साथ लोहे की रॉड, लात-घूंसों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी उसका अपहरण कर उसे गांव सोटावाली अपने घर पर ले गए। जहां पर उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने उसके साथ वहां भी मारपीट कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। किसी प्रकार वह आरोपियों के चंगुल से बचकर बाहर आया और यूपी-112 पर सूचना दी। जिसके बाद पुलिस उसे लेकर मंडी चौकी पर पहुंची और मामले की जांच की। लेकिन तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने उसका मेडिकल नहीं कराया। आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने से उसे सिर में चोट लगी और जबड़े में लगी चोट की वजह से उसके दांत भी टूट गए थे। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने से भयभीत पीड़ित ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई थी। देहात थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि एसपी के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद सहित 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




