
रोडवेज बस में महिला परिचालक से 14 हजार की लूट
Hapur News - रोडवेज बस में महिला परिचालक से 14 हजार की लूट
कार्तिक माह के गढ़मुक्तेश्वर में लगे गंगा मेले में सवारियों को लेकर गई हापुड़ डिपो की महिला परिचालक के साथ एक युवक और उसके परिवार ने मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी कानों का कुंडल और सवारियों के किराये के 14 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। किसी प्रकार शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने सिर्फ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन लूटपाट का मुकदमा दर्ज नहीं होने की वजह से अब महिला परिचालक की ड्यूटी खतरे में आ गई है।

इसलिए महिला ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव गोयना निवासी रजनी हापुड़ डिपो में परिचालक के पद पर तैनात है। बीती 04 नवंबर को वह हापुड़ डिपो से सवारियों को लेकर मोदीनगर मार्ग पर गई थी। जब वह मोदीनगर पहुंची तो बस को गढ़मुक्तेश्वर में लगे कार्तिक मेले के लिए लगा दिया गया था। इस बस पर उनके साथ चालक कालू मौजूद था। मोदीनगर से गढ़मुक्तेश्वर पहुंचने के बाद गढ़मुक्तेश्वर रोडवेज डिपो से पहले ही पुलिस ने बस को रोक दिया था। जिसके बाद बस में सवार सवारियों को मौके पर ही उतार दिया गया। महिला परिचालक का आरोप है कि मोदीनगर क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक अपने परिजन के साथ बस में गढ़मुक्तेश्वर मेले में आया था। बस के ठहरने पर जब उन्होंने बस खाली करने के लिए कहा तो आरोपी युवक ने उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान उनके कान का कुंडल और सवारियों के किराये के 14 हजार रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गया। मारपीट के दौरान वह बेसुध हो गई थी। जिसके बाद होश में आने पर उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने सिर्फ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। लूटपाट का मुकदमा दर्ज नहीं होने के कारण अब उसकी ड्यूटी खतरे में आ गई है। पीड़िता ने डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




