दिल्ली लखनऊ हाईवे पर दिल्ली के कपड़ा व्यापारी से 20 लाख की लूट
हापुड़ में मुरादाबाद से दिल्ली लौट रहे कपड़ा व्यापारी से दो कारों में सवार बदमाशों ने हथियारों की नोक पर 20 लाख रुपए लूट लिए। व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएसपी ने कहा कि व्यापारी ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी, मामला संदिग्ध है।

हापुड़, वरिष्ठ संवाददाता
मुरादाबाद से दिल्ली लौट रहे कपड़ा व्यापारी से दो कार में सवार सशस्त्र बदमाशों ने हापुड़ जिले में हथियारों की नोक पर 20 लाख रुपए लूट लिए। कपड़ा व्यापारी ने दिल्ली पहुंचकर एक नेता को लूट की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली।
घटना का विवरण
रविवार की रात करीब 11:30 बजे पुलिस को दिल्ली लखनऊ हाईवे पर लूट की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस ने दिल्ली लखनऊ हाईवे पर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दिल्ली से व्यापारी को बुलाया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली के रहने वाले डब्बू जैन कपड़े के थोक व्यापारी हैं। बताया गया है कि डब्बू जैन का कपड़ा मुरादाबाद मंडल में भी बिक्री के लिए जाता है। रविवार को डब्बू जैन कपड़ों की बिक्री का पैसा लेने के लिए मुरादाबाद गए हुए थे। रात को करीब 9:30 बजे मुरादाबाद से 20 लाख रुपए की रकम लेकर दिल्ली वापस लौट रहे थे। व्यापारी ने अपने दोस्त भाजपा नेता को जानकारी देते हुए बताया कि वह जब रात को अपनी कार से वापस लौट रहा था तो गढ़ गंगा पुल को पार करने के बाद दो कारों में सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। व्यापारी ने बताया कार को रोकने के बाद एक बदमाश ने ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल लगा दी और दूसरा बदमाश कार में अंदर घुस गया। बदमाशों ने हथियारों की नोक पर कार में रखे 20 लाख रुपए लूट लिए और आगे जाकर उतर गए। व्यापारी ने बताया कि वह इतना भयभीत हो गया की उसने दिल्ली तक कार नहीं रूकवाई और वह अपने घर आ गया। बदमाश ड्राइवर का मोबाइल भी लूट कर ले गए। बदमाशों ने गंगा पुल को क्रॉस होने के करीब 10 किलोमीटर बाद वारदात को अंजाम दिया था। नेता द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। इसके बाद गढ़ और सिंभावली पुलिस ने हाइवे पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने व्यापारी को मौके पर बुलाया है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
डीएसपी स्तुति सिंह का कहना है कि लूट की सूचना किसी अन्य ने दी है, जबकि व्यापारी ना तो पुलिस के पास आया और ना ही कॉल की। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। गाड़ी की फुटेज और बदमाशों की कार की फुटेज सीसीटीवी कैमरे से देखी जा रही है। व्यापारी को दिल्ली से बुलाया गया है। बहरहाल जो स्थान उसने बताया है वहां पहुंच कर पुलिस छानबीन कर रही हैं।
भाजपा नेता की जानकारी
भाजपा नेता प्रमोद नागर ने बताया कि व्यापारी ने दिल्ली पहुंच कर उनको फोन पर घटना बताई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


