आधी रात को कॉलेज एमडी के घर डकैती, शहर में दहशत
हापुड़ के एक प्रमुख रियल एस्टेट कारोबारी के घर पर नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की। बदमाशों ने पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर 1.25 किलो सोना और लाखों रुपये लूट लिए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में पुराने दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित सीएचसी के सामने प्रमुख रियल एस्टेट कारोबारी और कॉलेज के एमडी के घर पर सशस्त्र बदमाशों ने सोमवार की रात करीब पौने 12 बजे धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने पूरे परिवार को गनपाइंट पर लेकर करीब सवा किलो सोना, लाखों रुपये की नगदी, बाइक लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में इस संगीन वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर एसपी को जल्द से जल्द वारदात का पर्दाफाश कराने के निर्देश दिए। बदमाशों की तलाश में मेरठ रेंज से तीन टीम और जनपद से चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा。
घटना के विवरण
जनपद के प्रमुख कारोबारी, रियल एस्टेट कारोबारी, एटीएमएस कालेज के एमडी और समाजसेवी नरेंद्र अग्रवाल कबाड़ी अपने परिवार के साथ गढ़ रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित मोहल्ला गिरधारी नगर में रहते हैं। नीचे उनका कार्यालय है जबकि प्रथम मंजिल पर उनका घर है। पुलिस के अनुसार नरेंद्र अग्रवाल का पोता सिद्वांत सोमवार की रात करीब 11 बजे अपने एक मित्र के साथ घर से बाहर गया था। करीब साढ़े ग्यारह बजे वह वापस घर लौटा। जैसे ही वह मुख्य गेट पर पहुंचा और गेट खुलवाने लगा। चौकीदार श्याम कुमार सेठ ने गेट खोला तो घर के पास पहले से ही घात लगाए बैठे चार नकाबपोश बदमाशों ने घर के अंदर घुसने का प्रयास किया। सिद्वांत ने अज्ञात लोगों को अंदर आता देख गेट बंद करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। बदमाशों ने आते ही चौकीदार और सिद्वांत को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया। बताया गया कि चार में से एक बदमाश के चेहरे पर नकाब नहीं था। बदमाश दोनों को लेकर घर की प्रथम मंजिल पर पहुंचे। जहां कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल और उनकी पत्नी सुशीला थी। बदमाशों ने कमरे में पहुंचते है दंपती को कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने सिद्वांत को मारने की धमकी देते हुए दो करोड़ रुपये की मांग की। कारोबारी ने कहा कि उनके पास इस समय इतने पैसे नहीं है। बदमाशों ने चादर के टुकड़े कर चारों को बंधक बना लिया और परिवार को धमकी देते रहे। सिद्वान्त को गन प्वाइंट पर लेकर मारने की धमकी देते हुए अलमारी की चाबी ली और उसमें रखे करीब सवा किलो आभूषण और लाखों रुपये की नगदी लूट ली और फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
कारोबारी ने वारदात की सूचना डायल 112 और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को दी। सूचना मिलते ही एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, सीओ वरुण मिश्रा, थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
व्यापारी की स्थिति
वहीं कारोबारी के यहां डकैती की सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह को बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य लोग व्यापारी के घर पहुंच गए। इसी बीच मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिजन ने घटना के बारे में जानकारी ली।
डीआईजी का बयान
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि रेंज स्तर से तीन पुलिस टीमें और जनपद की चार टीमें बदमाशों की तलाश लगी हैं। एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि शीघ्र बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटा गया आभूषण और नगदी बरामद कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


