महिला ने चौकी पर किया हंगामा, तोड़ी दारोगा की कुर्सी

Mar 11, 2026 06:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हापुड़
share

Hapur News - एक महिला ने पड़ोसियों से विवाद के बाद मेरठ गेट पुलिस चौकी में हंगामा किया। उसने पुलिसकर्मियों की सुनवाई न होने पर गुस्से में चौकी का सामान तोड़ दिया। महिला का आरोप था कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने महिला को शांत कर विवाद का समाधान किया।

महिला ने चौकी पर किया हंगामा, तोड़ी दारोगा की कुर्सी

पड़ोसियों से हुए विवाद में सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए एक महिला का गुस्सा बुधवार को मेरठ गेट पुलिस चौकी में फूट पड़ा। महिला ने मेरठ गेट पुलिस चौकी पहुंचकर जमकर हंगामा किया और दारोगा की कुर्सी समेत चौकी का सामान तोड़ दिया। महिला के हंगामे से चौकी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने महिला को शांत कराकर उसकी समस्या का समाधान किया। पुलिस का दावा है कि महिला मानसिक रूप से बीमार भी है। वहीं इस मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, हालांकि हिंदुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला माता निवासी एक महिला का अपने पड़ोसियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत मिलने पर मेरठ गेट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की गई थी। महिला का आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और आरोपी पक्ष से मिलकर वापस लौट आई। उसने इसके बाद दो बार चौकी पहुंचकर पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।बताया गया कि इससे नाराज होकर महिला बुधवार को मेरठ गेट चौकी पहुंच गई और पुलिसकर्मियों से शिकायत का समाधान कराने की मांग करने लगी। बताया गया कि महिला पहले पुलिसकर्मियों से बहस करती रही और अपनी नाराजगी जताते हुए चौकी परिसर में झाड़ू लगाने लगी। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के हंसने पर महिला का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद महिला ने चौकी में रखा सामान उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। आक्रोशित महिला ने गमले और बेंच उठाकर फेंक दिए तथा चौकी प्रभारी की कुर्सी जमीन पर पटक-पटक कर तोड़ डाली। चौकी में हो रहे इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो घए। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को शांत कराया। इसके बाद उसकी शिकायत पर दोनों पक्षों को बुलाकर विवाद का समाधान कराया गया। महिला के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि महिला की समस्या का समाधान करा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह मानसिक रूप से बीमार भी है। मामले की जांच कराई जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।