ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश हापुड़बाढ़ आपदा से निपटने को यमुना नदी पर हुआ मेगा मॉक ड्रिल

बाढ़ आपदा से निपटने को यमुना नदी पर हुआ मेगा मॉक ड्रिल

बाढ़ आपदा से निपटने को यमुना नदी पर हुआ मेगा मॉक ड्रिल

बाढ़ आपदा से निपटने को यमुना नदी पर हुआ मेगा मॉक ड्रिल
हिन्दुस्तान टीम,शामलीThu, 07 Jul 2022 05:50 PM
ऐप पर पढ़ें

शासन के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित शामली जिले के कैराना में मेगा मॉक ड्रिल का रिहर्सल हुआ। इस दौरान गोताखोरों, एनडीआरएफ व फील्ड रेजिमेंट के जवानों ने बाढ़ से निपटने के लिए रिहर्सल कर बचाव की जानकारी दी। इतना ही नहीं यमुना नदी में डूबते एक युवक को महज दो मिनट में रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया, जिसका स्वास्थ्य टीम ने उपचार कर जान बचाई। वहीं, एडीएम व एएसपी ने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।

मानसून के दृष्टिगत जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है। गुरुवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में यमुना ब्रिज किनारे मेगा मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ, 336 फील्ड रेजिमेंट मेरठ, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग व स्थानीय प्राइवेट गोतखोरों ने भाग लिया। रिहर्सल के दौरान यमुना नदी में एक युवक डूब रहा होता है। तभी यमुना किनारे पर मौजूद जवानों को युवक के डूबने के सूचना मिलती है। प्राइवेट गोताखोर यमुना नदी में युवक की खोज कर रहे होते हैं। एनडीआरएफ और फील्ड रेजिमेंट के जवान भी मोटरबोट से रेस्क्यू करते हैं और महज दो मिनट में युवक को खोज लिया जाता है। इसके अलावा आपदा की स्थिति में लोगों एवं पशुओं की जान बचाने तथा उन्हें प्रभावित क्षेत्र से बाहर राहत शिविर में लाने का रेस्क्यू करने का रिहर्सल किया गया। आग लगने की सूरत में उस काबू पाने के भी टिप्स दिए गए। कार्यक्रम में पहुंचे एडीएम संतोष कुमार व एएसपी ओपी सिंह ने बाढ़ राहत शिविर व अग्निशमन विभाग के स्टाल का निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा की स्थिति में दी जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान एनडीआरएफ के ऑब्जर्वर प्रवीण कुमार, फील्ड रेजिमेंट से मोहित, एसडीएम शिवप्रकाश यादव, तहसीलदार प्रियंका जायसवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक कुमार, जिला आपदा विशेषज्ञ नेहा दुबे, एसएसआई राधेश्याम आदि मौजूद रहे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें