
देश की सेवा सर्वोच्च जिम्मेदारी: जीएस विश्वविद्यालय के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशि शर्मा
Hapur News - पिलखुवा में जीएस विश्वविद्यालय ने 77वें गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशि शर्मा और प्रो चांसलर डॉ. अंकित शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, नृत्य और भजन प्रस्तुत किए गए। छात्रों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण के साथ हुआ।
पिलखुवा। जीएस विश्वविद्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्साह एवं गरिमा के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशि शर्मा एवं प्रो चांसलर डॉ. अंकित शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। अपने संबोधन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशि शर्मा ने कहा कि देश की सेवा प्रत्येक नागरिक की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। हमारे सैन्य बल विषम परिस्थितियों में सीमाओं पर डटे रहकर देश की रक्षा करते हैं। शहीदों एवं उनके परिवारों का योगदान अमूल्य है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। प्रो चांसलर डॉ. अंकित शर्मा ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना गर्व की बात है। किसी भी विकसित राष्ट्र की नींव उच्च शिक्षा और सुदृढ़ चिकित्सा सेवाओं पर टिकी होती है और जीएस विश्वविद्यालय इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया गया। छात्रों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य एवं भजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का संचालन उप निदेशक एस. एन. सिंह ने किया। इस अवसर पर डीन डॉ. प्रदीप गर्ग, मुख्य अस्पताल प्रशासक एस. कुमार, मनोज शिशोदिया, सुमित सिंह, नवनीत भारद्वाज, भावना सिंह सहित अनेक संकाय सदस्य, अधिकारी, चिकित्सक, छात्र एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में मिठाई वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




