टेबल से चाकू उठाया और काटने लगा अपना ही गला, मौके पर मौत; खौफनाक वारदात CCTV में कैद

Mar 06, 2026 10:21 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

यूपी के हापुड़ में हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर युवक ने धारदार चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली। दिल्ली से बरेली लौट रहे युवक की यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टेबल से चाकू उठाया और काटने लगा अपना ही गला, मौके पर मौत; खौफनाक वारदात CCTV में कैद

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने सबके सामने अपनी ही गर्दन काटकर जान दे दी। यह खौफनाक मंजर ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसे देखकर हर कोई सन्न है। हाईवे किनारे स्थित अठसेनी गांव के पास हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

ढाबे पर खाना खाने रुका था युवक

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की देर रात करीब 12 बजे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित अठसेनी गांव के सामने एक मुस्लिम ढाबे पर सवारी से भरी एक गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी में सवार यात्री सफर की थकान मिटाने और खाना खाने के लिए ढाबे के अंदर गए। इन्हीं यात्रियों के साथ 30 वर्षीय सलमान भी मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब कुछ सामान्य लग रहा था और लोग खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक सलमान के व्यवहार में बदलाव आया और उसने एक ऐसा कदम उठाया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

सीसीटीवी फुटेज में क्या दिख रहा

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सलमान अचानक एक टेबल पर रखे चाकू को उठाकर अपना गला रेतने लगता है। गला रेतते हुए वह ढाबे के अंदर से बाहर की ओर भागता है। बिना किसी से कुछ कहे या सोचे-समझे, उसने पूरी ताकत से अपनी ही गर्दन पर चाकू चला दिया। गर्दन कटते ही खून का फव्वारा फूट पड़ा और सलमान लहूलुहान अवस्था में ढाबे के सामने जमीन पर गिर पड़ा। हाईवे किनारे मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते और उसे बचाने की कोशिश करते, तब तक अत्यधिक खून बह जाने के कारण सलमान की तड़प-तड़प कर मौके पर ही मौत हो गई।

दिल्ली से घर लौट रहा था सलमान

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। तलाशी और पूछताछ के बाद उसकी शिनाख्त बरेली जिले के थाना शाही क्षेत्र के गांव दूना निवासी सलमान (30 वर्ष) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि सलमान पिछले काफी समय से दिल्ली में एक हेयर सैलून की दुकान पर काम करता था। वह बृहस्पतिवार की रात को दिल्ली से बस में सवार होकर अपने गांव बरेली लौट रहा था।

परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। सलमान ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसको लेकर परिजन भी गहरे सदमे और चिंता में हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है और ढाबे पर मौजूद अन्य यात्रियों व कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की मानसिक स्थिति या अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।