हनुमानगढ़ी का निर्माण एक मुसलमान ने ही कराया, बृजभूषण सिंह का दावा- कभी नमाज नहीं पढ़ी गई
अयोध्या की हनुमानगढ़ी में नमाज के दावे को भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हनुमानगढ़ी का निर्माण एक मुसलमान ने ही कराया था।

भाजपा के पूर्व सांसद बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या के राम मंदिर से सटी हनुमान गढ़ी में नमाज पढ़ने के दावे को पूरी तरह गलत बताया है। बृजभूषण शरण सिंह ने यह भी कहा कि हनुमानगढ़ी का निर्माण एक मुसलमान ने ही कराया था। आज भी वहां पत्थर लगा है। पिछले दिनों अयोध्या दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की सरकार पर हमला करते हुए कहा था कि आज राम मंदिर में आस्था जताने वालों ने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाई थी। बृजभूषण शरण सिंह से पहले शुक्रवार को ही अयोध्या पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी हनुमानगढ़ी में नमाज की बातों को गलत कहा था।
गोंडा में आयोजित समारोह के दौरान शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं पढ़ी गई थी। नमाज पढ़ी जाने की खबर पूरी तरह गलत है। बृजभूषण ने यह भी कहा कि जो लोग नमाज पढ़ने की बातें करते हैं उन्हें मालूम होने चाहिए कि हनुमानगढ़ी का निर्माण एक मुसलमान ने ही कराया था। आज भी उसके नाम का पत्थर लगा है।
बृजभूषण शरण सिंह की भी गिनती राम मंदिर आंदोलन में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने वालों में होती है। अयोध्या के पड़ोसी जिले गोंडा के रहने वाले बृजभूषण का बचपन अयोध्या की गलियों में ही बीता है। 1992 में बाबरी के विंध्वंस के मामले में बृजभूषण शरण सिंह भी आरोपी थी। सीबीआई ने उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उनकी पहचान बाहुबली सांसद के रूप में भी होती है। उनके दबदबे का ही असर है कि महिला पहलवानों के मामले में नाम आने के बाद जब उन्हें बीजेपी ने टिकट नहीं दिया तो बेटे को देना पड़ा। इस समय बृजभूषण शरण सिंह का एक बेटा बीजेपी से सांसद और दूसरा बीजेपी से विधायक है।
वहीं, अयोध्या पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने भी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़ने की बातों को पूरी तरह झूठ कहा। अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि राम मंदिर में हुई चोरी से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने चोरी को लेकर पहले कहा कि दूध का दूध पानी का पानी होगा। दोबारा यहां आए तो लगा कि दूध का दूध पानी का पानी नहीं हो पाएगा तो लोगों का ध्यान भटकाने के लिए 27 साल पहले हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़ने की बात कही। शंकराचार्य ने कहा कि हमारी पवित्र सीढि़यों पर नमाज की बातें कहकर हमारे मंदिर को अपवित्र करने का काम किया है। शंकराचार्य ने यहां तक कहा कि हम कल हनुमानगढ़ी जा रहे हैं। वहां जाकर कहेंगे कि इस मंदिर के लिए ऐसी झूठी बातें करने वाले व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित होना चाहिए। अगर उनका प्रवेश प्रतिबंधित नहीं होता है तो हम कल के बाद हनुमानगढ़ी नहीं जाएंगे।
सीएम योगी ने क्या कहा था
सीएम योगी ने अयोध्या के बीकापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा पर हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का आरोप लगाया था। सीएम योगी ने कहा था कि जो लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं उन लोगों ने हमारे पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था। तब पूछा था कि क्या कोई कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा पाएगा। क्या समाजवादी पार्टी या कोई सरकार मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकती है। अगर नहीं करा सकती तो हमारे पवित्र हनुमानगढ़ी की सीढि़यों पर नमाज पढ़ाने का पाप क्यों कराया गया था।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


