प्लीज हमको बचा लो सर...हनीट्रैप की प्रेस कॉन्फ्रेंस में SP के सामने फूट-फूटकर रोई महिला
बिजनौर में हनीट्रैप की प्रेस क्रॉन्फ्रेंस के दौरान एक महिला हंगामा करने लगी। एसपी से मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि वह निर्दोष है। उसे फंसाया जा रहा है। महिला का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

UP News: यूपी की बिजनौर पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। झूठे और सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमों में लोगों को फंसाकर समझौते के नाम पर रकम वसूलने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 फर्जी आधार कार्ड बरामद करने का दावा किया है। इसे लेकर शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। एसपी मामले से जुड़ी जांच और गिरफ्तारियों की जानकारी दे रहे थे, तभी वहां मौजूद एक महिला आरोपी फूट-फूटकर रोने लगी। मीडियाकर्मियों के सामने महिला ने खुद को निर्दोष बताया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हमें गलत फंसाया जा रहा है साहब
हनीट्रैप की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चार में से एक महिला ने रोते हुए हंगामा किया। उसने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उसने कोई गलती नहीं है। उसे फंसाया जा रहा है। साथ ही महिला रोते हुए मदद की गुहार भी लगाई। वहीं, मीडिया के सामने महिला के अचानक हंगामे से पुलिस भी हैरान हो गई और मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
समझौते का दबाव बनाकर वसूलते थे रुपये
शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एएसपी गौतम राय ने बताया कि मोहम्मद आसिम, साहिल, मुराद खान और नवाब ने नजीबाबाद थाने में अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए थे। इनमें जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, दिलशाद और अन्य लोगों पर षड्यंत्र कर झूठे दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे दर्ज कराने तथा बाद में समझौते के नाम पर रकम मांगने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने चारों शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।
विवाद और रंजिश की जानकारी जुटाकर बनाते थे दबाव
एएसपी गौतम राय ने बताया कि गिरोह से जुड़े लोग अलग-अलग व्यक्तियों के आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य मामलों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद संबंधित लोगों पर दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि समझौते के नाम पर रकम और अन्य लाभ की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर महिलाओं और अन्य सहयोगियों के माध्यम से गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराने या न्यायालय में परिवाद दाखिल कराने का प्रयास किया जाता था। जांच में जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा की संपत्तियों और उसकी गतिविधियों को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, बब्बू लंगड़ा का एक आलीशान मकान है। वहीं, गिरोह से जुड़े बताए जा रहे दिलशाद के होटल संचालन की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इन संपत्तियों और उनकी आय के स्रोत की भी पड़ताल कर रही है।
काम के बदले मिले थे 50 हजार रुपये
पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुछ लोगों को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना बनाकर महिलाओं के माध्यम से घटनाक्रम तैयार कराया गया। पुलिस के अनुसार, नवाब, आसिम और ओमेन्द्र के खिलाफ भी इसी तरह झूठी दुष्कर्म की घटना तैयार कर न्यायालय के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस काम के बदले शहाना को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी और पुलिस के मुताबिक उसे रकम दी भी गई। इसके अलावा मोबाइल फोन, कपड़े और खर्च के लिए रुपये उपलब्ध कराए जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी
हनीट्रैप गिरोह की जांच में पुलिस को दस्तावेजों में उम्र बदलकर लोगों को गंभीर मुकदमों में फंसाने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़ी महिलाएं बालिग होने के बावजूद फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट के जरिए खुद को नाबालिग दर्शाती थीं। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमे में पॉक्सो की धाराएं लगवाने का प्रयास किया जाता था। पुलिस की जांच में चार महिलाओं के पास से 13 फर्जी आधार कार्ड बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, इन दस्तावेजों में उम्र से संबंधित जानकारी बदली गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर दुष्कर्म के मामलों में युवतियों की उम्र कम दर्शाई जाती थी, ताकि मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी जा सकें। मामले में पुलिस फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इस्तेमाल करने की धाराएं भी बढ़ा चुकी है।
पहले से तय होता था घटनाक्रम
पुलिस की संयुक्त पूछताछ में महिलाओं ने कथित तौर पर बताया कि पहले से चिह्नित व्यक्तियों के खिलाफ घटनाक्रम तैयार किया जाता था। इसके बाद तय कहानी के अनुसार घटनास्थल और आरोप तय कर पुलिस को सूचना देने तथा परिवाद दाखिल कराने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट जैसी धाराओं का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी विवेचना में सामने आई है।
पहले सात आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक, हनीट्रैप से जुड़े प्रकरण में जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजाल, गुड्डी, कुन्ती, प्रीति, पीएसी जवान मोहम्मद आसिफ और झालू का प्रॉपर्टी डीलर दिलशाद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब चार महिलाओं और एक युवक की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 12 हो गई है।

