
मामूली विवाद में पीटे गए युवक की ग्वालियर में मौत
Hamirpur News - ग्वालियर में एक युवक की मामूली विवाद के बाद लाठी-डंडों से पीटने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
राठ। मामूली विवाद में दो दिन पूर्व लाठी-डंडों से पीटे गए युवक की शुक्रवार को ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मोहल्ले में जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी सायना ने बताया कि बुधवार 31 दिसंबर की शाम छह बजे वह अपने पति 30 वर्षीय रमजान के साथ फरसौलियाना मोहल्ले से रिश्तेदार के घर से लौट रही थी।
तभी भरत मिलाप गेट के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पति को घेरकर लाठी-डंडों से हमलाकर बेरहमी से पीटा था। गंभीर रूप से घायल रमजान को सीएचसी से उरई, फिर झांसी और वहां से ग्वालियर रेफर किया गया था। शुक्रवार को रमजान की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। रमजान की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सायना ने बताया कि चार माह पहले आरोपी कृष्ण कुमार मोहल्ले में एक युवक के साथ मारपीट कर रहा था। तभी उनके भांजे सोहेल ने बीचबचाव किया था। इस बात को लेकर आरोपी ने घर पर चढ़ाई कर दी थी और गाली-गलौज करते हुए पति रमजान से मारपीट की थी। इस घटना की सूचना पर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। जिस पर आरोपी और उनके परिजनों ने पथराव किया था। इसका सीसीटीवी फुटेज है, तभी से आरोपी उसके परिवार को परेशान कर रहे थे। इस दौरान कई बार कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को रमजान की मौत से परिजनों का गुस्सा फूटा और उन्होंने मुहल्ले में जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक अपने पीछे मां कुरैशा, पत्नी सायना, पुत्र फैजान को रोते-बिलखते छोड़ गया है। मृतक मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर करता था। इस संबंध में इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर में ही मोहल्ले के ही कृष्ण कुमार, निर्णय, शिवम और प्रदीप के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें अब धाराएं बढ़ाई जाएंगी। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




