
पेयजल के लिए गांव की चौथाई आबादी परेशान
Hamirpur News - छानी बुजुर्ग ग्राम पंचायत में हर घर नल, हर घर जल योजना अधूरी है। लगभग एक चौथाई आबादी पानी के लिए तरस रही है। ग्रामीणों ने पाइपलाइन और नल लगाने के बावजूद पानी की अनुपलब्धता की शिकायत की है। ग्राम प्रधानपति ने ऊंचाई के कारण पानी की कमी का उल्लेख किया है और समाधान का आश्वासन मिला है।
भरुआ सुमेरपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल, हर घर जल ग्राम पंचायत छानी बुजुर्ग में आधी-अधूरी नजर आ रही है। गांव की लगभग एक चौथाई आबादी अभी भी पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है। जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। गांव के कृष्ण कुमार शुक्ला, विमल कुमार, विनोद कुमार आदि ने बताया कि नमामि गंगे योजना के तहत गांव की गलियों में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है और घरों के बाहर नल भी लगा दिए गए हैं, लेकिन यह पूरी कवायद केवल दिखावा साबित हो रही है। उनके मुहल्ले के आधा सैकड़ा घर ऐसे हैं, जहां अभी तक नलों में पानी नहीं पहुंचा है।
पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार उन्हें जल्द सुधार का आश्वासन जाता है, लेकिन स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है। उधर, ग्राम प्रधानपति भारत यादव ने बताया कि यह क्षेत्र ऊंचाई का क्षेत्र है। यहीं से कुछ हिस्सा छानी खुर्द का जोड़ दिया गया है, जो ढलान पर है। इससे यहां पानी पर्याप्त नहीं पहुंच पा रहा है। इस मामले की शिकायत सहायक अभियंता सुमित तिवारी से की थी। जिस पर शुक्रवार को मेंटीनेंस कंपनी के ठेकेदार प्रिंस ने मौका मुआयना कर समस्या के समाधान के लिए आश्वासन दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




