
ढोलक की थाप पर नृत्य करते विधायक ने जमकर खेली दिवारी, वीडियो वायरल
संक्षेप: Hamirpur News - सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने अपने पैतृक गांव पौथिया में दिवारी नृत्य का आनंद लिया। जैसे ही ग्रामीणों ने ढोलक की थाप पर नृत्य किया, विधायक भी शामिल हो गए। उनका खेलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी...
हमीरपुर, संवाददाता। सदर विधायक के आवास पैतृक गांव पौथिया के बाहर जैसे ही दिवारी नृत्य का ढोलक बजा और दिवारी खेलने वालों ने लंबी तान के साथ ढोलक की थाप पर थिरकना शुरू किया, तो विधायक भी खुद को नहीं रोक पाए और सिर पर गमछा बांधकर लाठी लेकर दिवारी खेलने कूद पड़े। विधायक का दिवारी खेलते वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसकी पुष्टि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान नहीं करता है। बुंदेलखंड का सुप्रसिद्ध दिवारी नृत्य की दूर-दूर तक ख्याति है। दीपावली में गांव-गांव इस नृत्य की धूम रहती है। जिसमें ग्रामीणों की टोली ढोलक की थाप पर लाठी लेकर दिवारी खेलते हैं।
सोशल मीडिया में इस वक्त भाजपा के सदर विधायक डॉ.मनोज प्रजापति का भी दिवारी खेलते वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें विधायक ठेठ बुंदेलखंडी अंदाज में ढोलक की थाप पर नृत्य करते हुए दिवारी खेल रहे हैं। दरअसल सदर विधायक डॉ.प्रजापति के पैतृक गांव पौथिया में हर वर्ष दिवारी नृत्य का आयोजन होता है। जिसमें उनके आवास के बाहर तमाम ग्रामीण ढोलक की धुन में दिवारी खेलते हैं। सदर विधायक स्वयं और इनके परिजन इन सभी दिवारी खेलने वालों का मुंह मीठा कराकर सम्मान करते हैं और फिर नृत्य का लुत्फ उठाते हैं। वायरल वीडियो 23 अक्टूबर का बताया जा रहा है। दूज के दिन विधायक आवास पहुंचे ग्रामीणों के जत्थे ने जैसे ही दिवारी नृत्य शुरू किया, वैसे ही विधायक भी उनके साथ हो लिए। पैंट और काले रंग की टी शर्ट पहने सदर विधायक ने सिर पर गमछा बांधकर जमकर दिवारी नृत्य किया और लाठी भी भांजी। इससे दिवारी खेलने वालों का उत्साह और भी बढ़ गया। ग्रामीणों की भी भीड़ लग गई और कई लोगों ने इसका वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। बाद में सदर विधायक डॉ.मनोज प्रजापति ने भी अपने फेसबुक एकाउंट में इस वीडियो को पोस्ट किया है। जिसे अब तक हजारों लोग देखकर शेयर कर चुके हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




