मातमी माहौल में शादी, बिन दुल्हन लौटी बारात

हिन्दुस्तान, हमीरपुर
Follow us on Google News
share

हमीरपुर में मौदहा कोतवाली क्षेत्र में बारातियों से भरी वैन की डंपर से टक्कर में दूल्हे के भाई सहित चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बारात दुल्हन के घर पहुंच चुकी थी। दूल्हे ने सादगी से शादी की रस्में निभाई और दुल्हन को बिना विदा किए घर लौट गया।

मातमी माहौल में शादी, बिन दुल्हन लौटी बारात

हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-सागर हाईवे पर बारातियों से भरी ईको वैन की डंपर से हुई टक्कर में दूल्हे के सगे और मौसेरे भाई सहित चार लोगों की मौत से हमीरपुर से लेकर महोबा तक मातम पसर गया। जिस वक्त हादसा हुआ उस समय बारात दुल्हन के दरवाजे पहुंच चुकी थी। जनवासे में बाराती तैयारी में लगे हुए थे, तभी आई हादसे की मनहूस की खबर ने माहौल को मातम में बदल दिया। आनन-फानन में सादगी से शादी की रस्में निभाकर दूल्हा बिना दुल्हन को विदा कराए मंगलवार को तड़के घर पहुंच गया। कानपुर-सागर हाईवे पर छिरका गांव के जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास सोमवार की देर रात हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई, उनमें दूल्हा रमाकांत का सगा भाई 25 वर्षीय शशिकांत, उर्दना गांव निवासी मोहन, रिठारी गांव निवासी मौसेरे भाई जितेंद्र और डामर गांव का वैन चालक कमलेश यादव है।

इस हादसे के बाद डामर गांव से लेकर महोबा जनपद के पहरा गांव में कोहराम मच गया। दूल्हा रमाकांत को जनवासे में जब दुर्घटना की खबर मिली तो वो सन्न रह गया। इसके बाद आनन-फानन में सादगी से शादी की रस्में निभाई गईं और दूल्हा बिना दुल्हन को विदा कराए बारातियों संग डामर गांव पहुंच गया। देर रात डीएम अभिषेक गोयल, एसपी मृगांक शेखर पाठक ने घटना स्थल का जायजा लिया। चारों शवों को रात में ही सीएचसी मौदहा पहुंचा दिया गया था। डीएम ने बताया कि पुलिस ने हादसे को अंजाम देकर भाग रहे डंपर को मय चालक के पकड़ लिया है। डंपर में गिट्टी लोड थी और वो श्रावस्ती जाने को निकला था। हादसे में चार लोगों की मौत के साथ ही तीन लोग दिलीप कुमार निवासी उर्दना, रोहित निवासी तिंदुही और डामर गांव का बाबू घायल हैं, जिन्हें देर रात सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर यहां से कानपुर रेफर किया गया है।कल बारात की धूम, आज मौत का मातमडामर गांव निवासी करन कुशवाहा के पुत्र रमाकांत की शादी महोबा जनपद के थाना कबरई के पहरा गांव निवासी संतराम की पुत्री अंजू के साथ तय हुई थी। कल सोमवार को बारात डामर गांव से धूमधाम से निकली थी। सबसे पीछे दूल्हा का भाई शशिकांत अपने कुछ नाते-रिश्तेदारों के साथ आ रहा था और तभी मौदहा के छिरका गांव के पास हादसा हो गया, जिसमें शशिकांत सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।