ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पुत्र की मौत, पीछे आ रहा पिता घायल
Hamirpur News - राठ के गिरवर मोड़ पर एक ट्रक ने पिता-पुत्र सहित तीन बाइक सवारों को टक्कर मारी। हादसे में पुत्र श्याम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता चतुर कुशवाहा और एक अन्य घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

राठ, संवाददाता। शादी समारोह में शामिल होने के बाद दो बाइकों से वापस घर लौट रहे पिता-पुत्र सहित तीन बाइक सवारों को गुरुवार की दोपहर थाना मझगवां के गिरवर मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पुत्र की मौत हो गई। जबकि पीछे से आ रही बाइक में सवार पिता और व एक अन्य घायल हो गया। जिन्हें गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया है। जनपद महोबा के महोबकंठ थाना अंतर्गत कनोरा गांव निवासी 50 वर्षीय चतुर कुशवाहा ने बताया कि वह अपने 30 वर्षीय पुत्र श्याम सिंह और भतीजे अमरचंद के साथ राठ कोतवाली के बिलरख गांव में पारिवारिक चाचा गड्डू की पुत्री की शादी में शामिल होने आए थे।
गुरुवार दोपहर तकरीबन तीन बजे वह अपने भतीजे की बाइक से गांव लौट रहे थे। जबकि पुत्र श्याम सिंह अकेला बाइक से आगे-आगे जा रहा था। तभी थाना मझगवां गिरवर मोड़ के पास पनवाड़ी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पुत्र श्याम सिंह की बाइक में सीधी टक्कर मार दी। पीछे से आ रही उनकी बाइक भी असंतुलित होकर भिड़ गई। पुत्र श्याम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वह घायल हो गया और भतीजा बाल-बाल बच गया। पुत्र हेलमेट लगाए था। टक्कर से हेलमेट निकल गया। सीएचसी में डॉ.कनिष्ठ माहुर ने बताया कि श्याम सिंह के सिर पर चोटें आने से मौत हुई है। चतुर सिंह के भी चोटें हैं, जिसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया है। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया है। श्याम सिंह पिता के नाम चार बीघा कृषि योग्य भूमि पर खेतीबाड़ी और मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे मां रामबाई, पत्नी रामप्यारी, छोटे भाई विश्वनाथ को रोते-बिलखते छोड़ गया है। थानाध्यक्ष मझगवां आशुतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक की तलाश की जा रही है। हाईवे में हादसे में दो मासूम सहित छह घायल, दो रेफर मौदहा। हाईवे में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो मासूम बच्चों व महिला समेत छह लोग घायल हो गए। जिन्हें लहूलुहान हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र के ग्राम मवैया निवासी 60 वर्षीय सुनैया पत्नी भगवानदीन सुमेरपुर निवासी 12 वर्षीय दिव्या पुत्री बिंदा प्रसाद व पांच वर्षीय अशोक पुत्र अवधकिशोर निवासी कौहारी ई-रिक्शा में बैठकर मौदहा की ओर आ रहे थे, तभी कानपुर-सागर हाईवे में मवैया के निकट संतुलन बिगड़ने से ई-रिक्शा पलट गया। जिससे उसमें सवार दिव्या, सुनैया व अशोक को गंभीर चोटे आई हैं। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दिव्या की हालत नाजुक होने के चलते चिकित्सक ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसे मुख्यालय रेफर कर दिया। इधर महोबा जनपद के ग्राम बरभौली निवासी 40 वर्षीय संत कुमार व 50 वर्षीय प्रह्लाद बुधवार की रात नगर में एक विवाह समारोह से शामिल होकर रात में बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी राजमार्ग पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उनकी हालत नाजुक देख दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें मुख्यालय रेफर कर दिया। वहीं ग्राम मॉचा निवासी 25 वर्षीय फरीदुद्दीन भी देर रात एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया, जिसे सरकारी अस्पताल से गंभीर हालत में मुख्यालय रेफर कर दिया गया। झपकी आने से कार पलटी, चालक घायल हमीरपुर। थाना जलालपुर क्षेत्र के जलालपुर-राठ मार्ग पर मसीदन के पास गुरुवार को झपकी आने से एक ईको कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार कालपी से राठ की ओर जा रही थी। रास्ते में चालक को नींद आ जाने से वाहन सड़क किनारे पलट गया। सूचना पर पहुंची जलालपुर पुलिस ने घायल चालक 40 वर्षीय इलिया बाउल निवासी राठ को सीएचसी सरीला भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिर व हाथ में फ्रैक्चर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



