Hamirpur News: अंधेरा होने पर पहुंची पीएसी की फ्लड टीम, रेस्क्यू ऑपरेशन टला
Hamirpur News: मौदहा के उर्दना गांव में शनिवार को रामकिशोर वर्मा अपने पुत्र मोहित को बचाने के प्रयास में श्याम नाले की तेज बहाव में बह गए। जब तक पीएसी की फ्लड टीम पहुंची, तब तक अंधेरा हो गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। पुनः अभियान रविवार को शुरू होगा।

Hamirpur News: मौदहा, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के उर्दना गांव से निकले श्याम नाले में शनिवार को पुत्र को बचाने की कोशिश में नाले के तेज बहाव में बहे रामकिशोर वर्मा उर्फ डगरू की खोजने के लिए मुख्यालय से जब तक पीएसी की फ्लड टीम पहुंची तब तक अंधेरा हो गया। जिसकी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू ही नहीं हो सका। टीम वापस लौट गई है। अभियान रविवार की सुबह से फिर से शुरू होगा। उधर, पुलिस ने नाले किनारे जमा हुए रामकिशोर के परिजनों को समझा बुझाकर घर भेज दिया है। क्षेत्र के उर्दना गांव निवासी 45 वर्षीय रामकिशोर वर्मा उर्फ डगरू अपने 11 वर्षीय पुत्र मोहित के साथ मवेशी चराने निकला था। दिन में मोहित गांव के ही 50 वर्षीय गनेशा कुशवाहा के साथ श्याम नाले के रपटे के पास मछली पकड़ने को डाले गए जाल को समेटने की कोशिश में बह गया था। उसके साथ गनेशा भी नाले बहने लगा था, जिनको नाले के आसपास मौजूद अन्य चरवाहों ने बचा लिया था। लेकिन पुत्र को बचाने के लिए नाले में छलांग लगाने वाले मोहित के पिता रामकिशोर को कुछ पता नहीं चला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गनेशा और रामकिशोर दोनों कुछ ही फासले पर थे। उन्हें बचाने के लिए जो रस्सी फेंकी गई वो गनेशा ने तो पकड़ ली, लेकिन रामकिशोर कोशिश करने के बाद भी एक मीटर दूर रस्सी तक नहीं पहुंच सका था। थोड़ी देर के लिए वो दिखा और उसके बाद नाले की गहराई और तेज बहाव में उसका कुछ पता नहीं चला。
दिन के डेढ़ बजे हुई घटना, टीम पहुंची शाम को
दिन के डेढ़ बजे के आसपास हुई इस घटना की सूचना पुलिस को भी समय से मिल गई थी। एसडीएम करनवीर सिंह भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए थे। लेकिन मुख्यालय से पीएसी की फ्लड टीम को घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन के साजोसामान के साथ पहुंचने में शाम हो गई, जिसकी वजह से रामकिशोर की खोजबीन शुरू नहीं हो सकी। जिसके बाद टीम को वापस लौटना पड़ा। रविवार की सुबह से पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
शनिवार को दिन में श्याम नाले में बहे रामकिशोर की शाम तक पुलिस ने काफी तलाश करवाई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
अंधेरे की वजह से पीएसी की फ्लड टीम रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं कर सकी। रविवार की सुबह पीएसी टीम फिर से अधेड़ की खोजबीन शुरू करेगी।
राजकुमार पांडेय, सीओ मौदहा


