Hamirpur News: कुएं में मिला दो दिन से लापता हार्वेस्टर चालक का शव
Hamirpur News: बिवांर के टीहर गांव में दो दिन से लापता हार्वेस्टर चालक हेमंत उर्फ राजू का शव कुएं में मिला। उसकी मौत नशे की हालत में गिरने की आशंका से हुई है। परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राजू अपने पीछे पत्नी और ढाई साल के बेटे को छोड़ गया है।

Hamirpur News: बिवांर। दो दिन से लापता हार्वेस्टर चालक का शव गांव के कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। नशे की हालत में उसके कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। थानाक्षेत्र के टीहर गांव निवासी 32 वर्षीय हेमंत उर्फ राजू पुत्र जगदेव यादव सोमवार की रात दस बजे तक गांव में ही देखा गया है। दूसरे दिन से उसका कुछ पता नहीं चला। परिजन आस-पास रिश्तेदारी में उसकी तलाश भी करते रहे। बुधवार को परिजनों ने कुनहेटा चौकी में गुमशुदगी का प्रार्थना पत्र दिया। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे कुएं से बदबू आने पर जब ग्रामीणों ने अंदर झांका तो शव उतरा रहा था।सूचना
पर मौके पर पहुंचे कुनहेटा चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने शव को चारपाई डालकर बाहर निकाला। जिसकी शिनाख्त हेमंत उर्फ राजू के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हार्वेस्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक अपने पीछे ढाई साल के पुत्र, पत्नी को रोते-बिलखते छोड़ गया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि नशे की हालत में कुएं में गिरने से मौत होने की आशंका है।


