Hamirpur News: हादसे में दो बाइक सवारों की मौत, एक शव रात भर नहर में पड़ा रहा
Hamirpur News: राठ में कुर्रा रोड पर शुक्रवार की रात एक दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। तीनों बाइक सवार एक अज्ञात वाहन से टकरा गए। जबकि एक घायल को अस्पताल भेजा गया, एक अन्य रातभर नहर में पड़ा रहा। शनिवार को उसकी लाश नहर में मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Hamirpur News: राठ। कुर्रा रोड पर शुक्रवार देर रात हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को दो लोग घायल दिखे वा उन्हें अस्पताल ले गई। इसमें से एक घायल को देर रात झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे का इलाज चल रहा है, जबकि तीसरा घायल रात भर नहर में पड़ा रहा। शनिवार को जब पता चला कि एक और व्यक्ति बाइक पर सवार था तो उसकी तलाश की गई।
इसपर उसका शव नहर में उतराता मिला। कोतवाली क्षेत्र के इटकौर गांव निवासी 50 वर्षीय रामगनेश अपने हमउम्र साथी माधव प्रसाद के साथ शुक्रवार की रात करीब आठ बजे के आसपास राठ से अपने गांव इटकौर जा रहा था। तभी नहर के पास उसे गांव निवासी 35 वर्षीय राजू अहिरवार भी मिल गया, जो इन्हीं के साथ बाइक में सवार होकर गांव को चल दिए। कुर्रा रोड पर सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक सवार छिटककर दूर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें राजू सड़क से लगी नहर में जा गिरा, जिसके बारे में रात में किसी को खबर तक नहीं लगी। वहीं रामगनेश और माधव प्रसाद को रात में राठ सीएचसी लाया गया। यहां से रामगनेश को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। देर रात परिजन उसे लेकर झांसी पहुंचे, जहां कुछ देर चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। इधर राजू अहिरवार पूरी रात नहर में ही पड़ा रहा। रात में परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। शनिवार को जब राजू के भी बाइक में सवार होने की जानकारी हुई तो पुलिस व परिजनों ने घटनास्थल के आसपास फिर से तलाश की तो राजू का शव नहर में उतराता हुआ मिला। इससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने राजू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।


