वायरल वीडियो : एक घंटे से 112 से हेल्प मांग रहे...ऐसा होगा हमीरपुर का विकास
Hamirpur News - कानपुर-सागर हाईवे पर लगने वाले जाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला डॉक्टर अंशू मिश्रा ने प्रशासन की बदइंतजामी के खिलाफ एक घंटे से मदद मांगने के बावजूद कोई सहायता न मिलने की बात कही। जाम में फंसे यात्रियों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है, जिससे शादी-ब्याह में भी परेशानी हो रही है।
हमीरपुर, संवाददाता। कानपुर-सागर हाईवे पर आए दिन लगने वाले जाम के झाम का एक और वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। जाम में बच्ची संग फंसी एक महिला डॉक्टर ने प्रशासन की बदइंतजामी को लेकर वीडियो बनाया। महिला डॉक्टर वीडियो में कह रही है कि वो एक घंटे से 112 से मदद मांग रही हैं, मगर कोई सुनने वाला नहीं है। पीआरवी वाले भी जाम न खुलने की वजह से अपनी कार में बैठ गए हैं। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में आए दिन जाम की समस्या हो रही है।

शादी-ब्याह की सहालग के मौके पर इस हाईवे पर सफर करना मुश्किलों को न्यौता देने जैसा साबित हो रहा है। यात्री बसों में फंसे लोगों को कई-कई किमी पैदल चलना पड़ रहा है। बारातें समय से नहीं पहुंच पा रही हैं। स्कूली वाहनों में फंसकर बच्चे और एंबुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों को रोज नई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जाम के झाम को लेकर एक महिला डॉ.अंशू मिश्रा का वीडियो भी इस वक्त सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। डॉ.अंशू गायनोकोलॉजिस्ट हैं। एक मिनट 58 सेकेंड के इस वीडियो में डॉ.अंशू प्रशासन के ढुलमुल रवैए से नाराज दिखी। वीडियो में कहती दिखी कि वो काफी देर से जाम में फंसी। यूपी 112 पुलिस को एक घंटे से फोन कर रही है, कोई मदद उन तक नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे होगा हमीरपुर का विकास। हमें नहीं पता कि हम कब पहुंचेंगे, मैं छोटे बच्चे के साथ फंसी हूं। किसी से पूछो किसी को कुछ पता नहीं है। वायरल वीडियो राठ तिराहे से बेतवा नदी के पुल के बीच का है। जहां रविवार को तड़के भीषण जाम लगा था। वायरल वीडियो में एंबुलेंस भी फंसी हुई दिखाई दे रही है। इस वीडियो पर लोगों के खूब कमेंट्स भी आ रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




