
बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई पर चाकू से हमला
Hamirpur News - मौदहा कस्बे में एक किशोरी के भाई ने छेड़खानी का विरोध किया, जिसके चलते शोहदे ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। हमलावर भी नाबालिग है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
हमीरपुर, संवाददाता। मौदहा कस्बे में छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदे ने किशोरी के भाई पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। हमलावर भी नाबालिग बताया जा रहा है। फिलहाल तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कस्बे के चर्च के आसपास काफी संख्या में कोचिंग सेंटरों का संचालन होता है। इस इलाके में कोचिंग समय में शोहदों के झुंड भी छात्राओं के साथ छेड़खानी करने की नीयत से घूमते रहते हैं। शुक्रवार की शाम भी ऐसे ही मामले को लेकर चाकूबाजी की घटना हो गई।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी छात्रा के साथ कुछ दिनों से छेड़खानी की घटना हो रही थी। इस बात की जानकारी छात्रा के भाई को हुई तो उसने छेड़खानी करने वाले को समझाने की कोशिश की, लेकिन वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। एक-दो बार भाई का शोहदे से झगड़ा भी हो चुका था। पीड़ित परिवार द्वारा एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं करने से आरोपी के हौसले बुलंद थे। शुक्रवार देरशाम शोहदे ने छात्रा के भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। कोतवाली के निकट हुई इस घटना से कस्बे में तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खडे़ हो रहे हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मौदहा संतोष कुमार सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी कहासुनी के बाद मारपीट हुई। मौके पर दोनों पक्षों के परिजन एकत्रित हो गए। झगड़े के समय हमलावर के दादा ने डंडे से युवक को पीटा। दोनों युवक घायल हैं। उन्होंने बताया कि हमलावर 14 वर्षीय किशोर है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। अभी तहरीर नहीं दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




