Hamirpur News: दीवार फांदकर ससुराल में घुसने की कोशिश में दामाद की गिरने से मौत
Hamirpur News: हमीरपुर, संवाददाता। थाना बिवांर के धनपुरा गांव में बुधवार की रात ससुराल आए युवक

Hamirpur News: हमीरपुर, संवाददाता। थाना बिवांर के धनपुरा गांव में बुधवार की रात ससुराल आए युवक की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। युवक दरवाजा न खोले जाने की वजह से दीवार फांदकर ससुराल में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था, तभी संदिग्धावस्था में ऊंचाई से गिरने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के लिए छानी सीएचसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।बिवांर निवासी डिपेंसी उर्फ रेवतीकरण सिंह की थानाक्षेत्र के धनपुरा गांव में तीन साल पूर्व शादी हुई थी। विवाद की वजह से पत्नी दो माह से मायके में रह रही है। बुधवार की रात डिपेंसी पत्नी से मिलने के लिए ससुराल गया था।
रात अधिक होने की वजह से ससुराल के जब दरवाजे नहीं खुले तो डिपेंसी दीवार फांदकर अंदर दाखिल होने की कोशिश करने लगा। आहट पाकर ससुरालियों की नींद खुली तो उन्हें किसी चोर के घर में घुसने का आभास हुआ। इस पर उन्होंने यूपी 112 पुलिस को सूचना दे दी। जैसे ही डिपेंसी को पता चला कि पुलिस आ रही है, उसने मौके से भागने की कोशिश की और तभी चचिया ससुर मलय सिंह के घर में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल डिपेंसी को रात में ही सीएचसी छानी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में बिवांर एसएचओ योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डिपेंसी ने अपनी ससुराल में दीवार फांदकर घुसने की कोशिश की। बाद में उसे पता चला कि पुलिस आ रही है, इसलिए भागने की कोशिश में ऊंचाई से गिरने की वजह से उसकी मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

