भाजपा-सपा में पोस्टर वार, सांसद का सोशल मीडिया में पुष्पा अवतार
Hamirpur News - हमीरपुर। सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की पीएम नरेंद्र मोदी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया है। लोधी समुदाय ने इस मुद्दे को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। सांसद समर्थकों ने 17 मई को हमीरपुर में आगमन का ऐलान किया है, जिसमें उन्हें पुष्पा के अवतार में दिखाया गया है।

हमीरपुर। सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की पीएम नरेंद्र मोदी के ऊपर की गई अमर्यादित टिप्पणी का मामला तूल पकड़े हुए है। सोशल मीडिया में सपा-भाजपा में पोस्टर वार चल रहा है। लोधी समुदाय ने हमीरपुर चेयरमैन के सांसद पर दिए गए बयान को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। इसके बाद से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इस मुद्दे को लेकर जमकर बहस-मुबाहिस का दौर चल रहा है। सांसद समर्थकों ने अब पोस्टर वार शुरू करते हुए सांसद के 17 मई को हमीरपुर आगमन का ऐलान किया है। पोस्टर में सांसद को पुष्पा के अवतार में दिखाया गया है, जबकि चेयरमैन को विलेन के रूप में प्रस्तुत करते हुए तस्वीर के नीचे शेखावत लिखा गया है। हालांकि वायरल हो रहे किसी भी पोस्ट और पोस्टर की पुष्टि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान नहीं करता है。
पार्श्वभूमि
बता दें कि पिछले दिनों महोबा में तेल-गैस संकट को लेकर सपा के प्रदर्शन के दौरान सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपाइयों ने सांसद के विरुद्ध महोबा कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इतना ही नहीं इस प्रकरण को लेकर भाजपाइयों ने आसपास के जिलों में भी प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी मुद्दे को लेकर 12 मई को हमीरपुर में प्रदर्शन के दौरान भाजपा के सदर नगर पालिकाध्यक्ष कुलदीप निषाद ने सांसद के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि उनके बयान से कार्यकर्ताओं में रोष है। अगर वो माफी नहीं मांगें तो कार्यकर्ता उन्हें पीटेंगे। बस इस बयान के बाद से सपा और भाजपा दोनों तरफ से सोशल मीडिया में पोस्टर वार छिड़ा हुआ है। इतना ही नहीं इस पूरे प्रकरण को लोधी समाज ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। जिसके बाद भाजपा में शामिल लोधी समाज के नेता भी समाज के विरोध के आगे बैकफुट पर दिखने लगे हैं।
सांसद के आगमन का ऐलान
सांसद के कहीं भी दिखने पर पीटने की धमकी को लेकर अब पुन: सपा सांसद समर्थकों ने एक पोस्टर सोशल मीडिया में वायरल किया है, जिसमें सांसद के 17 मई को हमीरपुर आगमन का ऐलान किया गया है। पोस्टर में सांसद को साउथ इंडिया की सुप्रसिद्ध मूवी पुष्पा के हीरो की तरह दिखाया गया है, जबकि चेयरमैन की तस्वीर के नीचे शेखावत लिखा हुआ है, जो इस फिल्म में विलेन के किरदार में था। अब इस पोस्टर पर कमेंट और लाइक बरस रहे हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


