Hamirpur News: नाग पंचमी पर नाग चित्र बनाकर दूष व पुष्प से पूजन
Hamirpur News: 0 बालिकाओं ने गुड़ियों का यमुना नदी में किया विसर्जन 0 मिठाई की दुकानों में रही भीड़, जलेबी की जमकर हुई बिक्री फोटो- 03- संगमहेश्वर घाट में यमुना नदी मे

Hamirpur News: हमीरपुर, संवाददाता। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को रिमझिम फुहारों के बीच यमुना नदी किनारे स्थित संगमहेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम के समय बारिश रुकने पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई। जिससे मेले जैसा दृश्य नजर आया। इस दौरान मंदिर परिसर में लगी दुकानों में महिलाओं ने जमकर खरीददारी भी की। पातालेश्वर मंदिर में भी ऊँ नम: शिवाय के जयकारे गूंजे। उधर सुमेरपुर विकास क्षेत्र के बिहडो में विराजमान मनासर बाबा शिवलिंग के जलाभिषेक के लिए भीड़ उमड़ पड़ी यहां दिनभर मेले जैसा नजारा रहा। शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, गंगाजल, दूध दही, इत्र, शहद आदि अर्पित करके जलाभिषेक करते हुए क्षेत्र में सुख शांति खुशहाली की कामना करते हुए महादेव के जयकारे लगाए।
नाग पंचमी पर नाग चित्र बनाकर दू व पुष्प से पूजन
जिले भर में नागपंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह महिलाओं ने स्नान के बाद घरों के मुख्य दरबाजों पर गाय के गोबर से नागचित्र बनाए। जिनका शाम को दूध अर्पित कर पूजन किया गया। उधर बालिकाओं ने खेलने को बनाई गई गुड़ियां यमुना नदी में विसर्जित की। जिन्हें युवाओं की टोलियां कूटती नजर आई। इसके अलावा पातालेश्वर मंदिर में दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें पहलवानों ने दांव-पेंच दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया।
श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी पर नागपंचमी का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया
महिलाओं ने घरों के मुख्य दरबाजों पर नाग देवता के चित्र बनाकर उनका पूजन किया। इस दौरान घरों में विभिन्न पकवानों के साथ खीर व सूतफेनी बनाने के साथ ही जलेबी का लोगों ने लुत्फ उठाया। जिसके चलते सुबह से लेकर दोपहर तक होटलों में जलेबी खरीदने वालों की अच्छी खासी भीड़ लगी रही। दोपहर में बालिकाओं ने खेलने के लिए कपड़े की बनाई गई गुड़ियों का यमुना नदी में पातालेश्वर घाट व संगमहेश्वर घाट में विसर्जन किया। जिन्हें युवाओं की टोलियां डंडे से कूटकर रश्म का निर्वाहन किया। शाम को महिलाओं ने दरबाजे पर बनाये गए नागचित्रों का दूध व पुष्प से पूजन किया।
परंपरागत ढंग से मनाया गया नाग पंचमी पर्व
भरुआ सुमेरपुर। नाग पंचमी का पर्व कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र में उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने घरों के बाहर गाय के गोबर से नाग के संकेतक चिन्ह बनाकर विधि विधान के साथ पूजन करके घर परिवार के कल्याण की कामना की। वहीं गांव में चौकीदारों ने घर-घर जाकर नाग चित्रों को घरों के बाहर चस्पा किया। शाम को महिलाओं ने घरों के बाहर बनाए गए नाग चिन्ह में गाय का दूध अर्पित करके घर परिवार के लिए मंगल कामना करके परंपरा का निर्वाहन किया।
दूध-पुष्प से नाग देवता का हुआ पूजन
बिवांर। सावन माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी पर नागपंचमी का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांवों में महिलाओं ने घर की दीवारों पर नाग देवता का चित्र बनाकर दूध, लावा और फूल चढ़ाए। कस्बा सहित गांवों में महिलाएं सुबह स्नान कर नाग देवता का ध्यान कर घर के साथ सभी कमरों के बाहर गाय के गोबर से नाग बनाकर शाम को उन पर दूध, फूल, अक्षत चढ़ाकर पूजा अर्चना की। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी यह मान्यता है कि नागपंचमी के दिन नाग देवता की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और सर्पदंश का भय नहीं रहता। महिलाएं सुबह जल्दी उठकर स्नान कर पीले वस्त्र धारण करती हैं और दीवार पर गोबर या मिट्टी से नाग बनाकर उनकी आराधना करती हैं। आचार्य प्रसून शुक्ला ने बताया कि नागपंचमी का त्योहार प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस दिन खेतों में हल चलाना और जमीन खोदना वर्जित माना जाता है।
नाग देवता मंदिर में पूजन को पहुंचे श्रद्धालु
मुस्करा। नाग पंचमी पर क्षेत्र के अलरा गौरा गांव में लगा मेला आस्था और उमंग का केंद्र बना रहा। मेले का उद्घाटन ग्राम प्रधान बाबूराम ने किया। नाग पंचमी पर्व के चलते सुबह 5 बजे से ही नाग देवता मंदिर में भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई। दोपहर बाद तक जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने नाग देवता मंदिर में मत्था टेका और मनोकामनाएं मांगीं। क्षेत्रीय आचार्य पंडित जगदीश तिवारी ने बताया कि नाग पंचमी पर नाग देवता मंदिर में पूजा-अर्चना करने से कुंडली में मौजूद कालसर्प दोष की शांति होती है। मेले में लाठी, मिष्ठान और खिलौनों की दुकानें आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं।
आल्हा गायन कर आल्हा-ऊदल की वीरता का बखान
कुरारा। कस्बा के बेरी तिराहा में सावन माह की नागपंचमी पर आल्हा गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आल्हा गायकों ने सावन कजलिया की महोबा युद्ध का वर्णन किया। आल्हा गायकों ने वीर रस के गायन में महोबा में कजलिया के युद्ध का वर्णन किया। आल्हा गायक अनिरुद्ध सिंह पतारा ने बताया कि सावन कजलिया के दिन दिल्ली नरेश पृथ्वीराज चौहान ने महोबा में आक्रमण किया था। जिसमें चौहान सेना ने नागपंचमी के दिन से ही महोबा में घेरा डाल दिया था। इसके दस दिन बाद रक्षा बंधन के दिन भयंकर युद्ध हुआ था। इसलिए महोबा में आज भी रक्षाबंधन के दूसरे दिन कजलिया निकलती है। इस युद्ध में आल्हा ऊदल की जीत हुई थी। तब रानी मल्हना व उनकी पुत्री चंद्रावल ने उत्साह के साथ कजलिया विसर्जन की गई। तथा सावन का त्यौहार हर्ष उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

