यमुना से पांच शव बरामद, आंसू पोंछने पहुंची साध्वी निरंजन ज्योति
Hamirpur News - हमीरपुर में यमुना नदी में नाव पलटने से छह लोग डूब गए थे। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की टीम ने खराब मौसम में पांच शव बरामद किए। घटना स्थल पर साध्वी निरंजन ज्योति ने परिजनों को सांत्वना दी और प्रत्येक परिवार को मुआवजे का ऐलान किया। अभी भी 10 वर्षीय आदित्य की खोज की जा रही है।

हमीरपुर। यमुना नदी में नाव पलटने से डूबे छह लोगों की तलाश में जुटी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फतेहपुर की पीएसी की फ्लड टीम ने गुरुवार दोपहर 12 बजते-बजते खराब मौसम से जूझते हुए पांच शवों को बरामद कर लिया है। एक-एक करके बाहर निकाले गए शवों को देखकर मृतकों के परिजनों में चीत्कार मच गई। सुबह 11 बजे के आसपास पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण कर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। प्रत्येक परिवार को शासन स्तर से सवा चार-सवा चार लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया। कुरारा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भौली के कोतूपुर पटिया में बुधवार की देर शाम नाव डूबने से मासूम बच्चों सहित कुल छह लोग नदी में डूब गए।
रात से ही नदी में डूबे लोगों की खोजबीन चल रही है। कानपुर से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के साथ ही फतेहपुर से पीएसी की फ्लड टीम खराब मौसम से जूझते हुए राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। टीम ने सबसे पहले सवेरे छह बजे के आसपास 25 वर्षीय बृजरानी पत्नी पप्पू निषाद का शव बरामद किया, इसके बाद 12 वर्षीय अर्चना पुत्री हेतराम, 14 वर्षीय आकांक्षा, आठ वर्षीय रानी पुत्री बच्चन और पांच वर्षीय लाव्यांश पुत्र पप्पू के शव बरामद हो गए। अब बचे सिर्फ एक बच्चे 10 वर्षीय आदित्य की खोजबीन चल रही है।पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति गुरुवार सुबह 11 बजे के आसपास कोतूपुर पटिया पहुंच गई। उन्होंने यहां राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। मृतकों के परिजनों को सांत्वना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना के प्रति गहरा दुख जताया। उन्होंने तटीय इलाकों में नदियों में सब्जी की खेतीबाड़ी करने वालों से अनुरोध किया कि नावों में ज्यादा संख्या में बैठकर आवाजाही करने से बचें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


