Hamirpur News: एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण, आवेदकों से लिया फीडबैक
Hamirpur News: सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के अधिकारी सुनील दत्त ने आजमगढ़ मंडल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में आवेदकों से कर्मचारियों के व्यवहार, आवेदन प्रक्रिया और धनराशि की मांग की जानकारी ली। सभी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और शालीन व्यवहार के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई।

Hamirpur News: हमीरपुर, संवाददाता। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय का शनिवार को आजमगढ़ मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुनील दत्त ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने कार्यालय में मौजूद आवेदकों के बयान दर्ज किए कि उनसे कर्मचारियों का व्यवहार कैसा रहा, आवेदन संबंधी प्रक्रिया तथा इस कार्य में हुए व्यय, और अतिरिक्त धन की मांग को लेकर जानकारी ली।
कार्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में किसी भी प्रकार के अनाधिकृत व्यक्ति या बिचौलिये का प्रवेश नहीं होना चाहिए। यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति द्वारा किसी कार्य के बदले धनराशि की मांग की जाती है तो इसकी सूचना तत्काल एआरटीओ को दी जाए।
वाहनों की फिटनेस जांच
आरटीओ ने कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं, वाहन फिटनेस प्रक्रिया तथा विभिन्न पटलों, रिकॉर्ड रूम का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि वाहनों की फिटनेस जांच निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कार्यालय में कार्यरत लिपिकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय आने वाले आवेदकों एवं आगंतुकों के साथ सद्भावपूर्ण एवं शालीन व्यवहार किया जाए। किसी आवेदन में कमी अथवा तकनीकी समस्या होने पर आवेदक को स्पष्ट जानकारी देते हुए उसका यथाशीघ्र निस्तारण कराया जाए ताकि अनावश्यक रूप से आवेदकों को कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
सीसीटीवी कैमरों की जांच
इस दौरान एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन प्रवीण सिंह ने कार्यालय की विभागीय प्रगति एवं विभिन्न कार्यों की स्थिति से आरटीओ को अवगत कराया। कार्यालयीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।
आरटीओ ने कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की और उनकी कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यालय की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी व्यवस्था सुचारु रखी जाए। उन्होंने परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन एवं घर बैठे प्राप्त होने वाली सेवाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े और विभागीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके। औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय में प्रवर्तन अदिकारी सूर्यप्रताप देव एवं लिपिक उपस्थित पाए गए।


