Hamirpur News: बारिश ने सड़कों की खोली पोल-पट्टी, खुली मजबूती की पोल

हिन्दुस्तान, हमीरपुर
Follow us on Google News
share

Hamirpur News: हमीरपुर में भारी बारिश के कारण सड़कों की स्थिति बिगड़ गई है। हाल ही में मरम्मत किए गए मार्गों पर भी गड्ढे पड़ गए हैं, जिससे हादसों में वृद्धि हुई है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से शीघ्र मरम्मत की मांग की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना वाली मुस्करा-गहरौली मार्ग भी बिगड़ चुकी है।

Hamirpur News: बारिश ने सड़कों की खोली पोल-पट्टी, खुली मजबूती की पोल

Hamirpur News: हमीरपुर, संवाददाता। बारिश के साथ ही जनपद के नेशनल, स्टेट और लिंक मार्गों की हालत खस्ता होनी शुरू हो गई है। जिन सड़कों की अभी हाल में मरम्मत की गई थी, उनकी भी परतें उखड़ने लगी हैं। इससे राहगीरों को सफर करना मुश्किल हो गया है। हादसे भी तेजी से बढ़ रहे हैं। राठ-पनवाड़ी, बांदा-पैलानी, हमीरपुर-जोल्हूपुर स्टेट हाईवे जगह-जगह से खराब हो रहे हैं। कानपुर-सागर हाईवे पर भी सड़क की हालत ठीक नहीं है। यमुना नदी के पुल की जिस लेन की मरम्मत कराई गई थी, वो फिर से खराब होनी शुरू हो गई है। राठ-औंडेरा मार्ग पर चलना संभलकर, गड्ढे दे रहे दुर्घटनाओं को न्यौता

सड़कों की दुर्दशा

राठ। बारिश होने पर राठ से औंडेरा मुख्य मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जहां वाहन चालकों को मुश्किल हो रही है। लोक निर्माण विभाग को ऐसे गड्ढों को जल्द दुरुस्त करनी चाहिए। अन्यथा हादसा घटित हो सकते हैं। आंबेडकर चौराहा उरई बस स्टैंड नहर पुलिया से देशरानी पेट्रोल पंप के बीच में लोक निर्माण विभाग की फोर लाइन सड़क में कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढ़ों में बारिश का पानी भर गया है। जिस कारण वाहन चालकों को गड्ढे होने का अंदाजा नहीं रहता है। अंकित मोटर्स के आसपास सड़क में गड्ढे गंभीर समस्या बने हुए हैं। इसी रोड पर नवोदय विद्यालय के पास मिनी स्टेडियम के सामने बीच सड़क पर बारिश के चलते गड्ढा हो गया है। जिसमें पानी भर जाने से गड्ढा नजर नहीं आता। हाईवे होने पर दोपहिया वाहन तेज रफ्तार से निकलते हैं जिस कारण हादसे हो सकते हैं। इसी तरह ग्राम औड़ेरा के ग्रामीणों ने औड़ेरा-राठ और औड़ेरा-सैदपुर-बिलगायां मार्ग की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों सड़कों का नवीनीकरण क्रमश: तीन वर्ष पूर्व और जनवरी 2025 में हुआ था, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़कें उखड़कर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गईं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत और आश्वासन के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने डीएम से जांच कराकर शीघ्र मरम्मत तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

कोट

औंडेरा रोड का जल्द ही काम कराया जाएगा और उरई रोड स्थित अंकित मोटर्स के पास नगर पालिका द्वारा बनाया गया नाला सही नहीं है। जिस कारण पानी नहीं निकल पा रहा और गड्ढे हो रहे हैं। फिर भी उनको भरवा दिया जाएगा。

दृगपाल सिंह, अधिशाषी अभियंता लोनिवि सीडी टू।

सुमेरपुर में बांदा-तिंदवारी स्टेट हाईवे में गड्ढे ही गड्ढे

भरुआ सुमेरपुर। मानसून की बारिश शुरू होते ही सड़के तालाब बनने लगी हैं। इससे हादसे बढ़ गए हैं। कस्बे के मध्य से गुजरे बांदा-पैलानी-तिंदवारी मार्ग कस्बे के अंदर गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है।

बरसात शुरू होते ही नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे तथा ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्ग गड्ढे में तब्दील होकर तालाब बनने लगे हैं। गड्ढों में जल जमाव होने से हादसे बढ़ने लगे हैं। वाहनों के फिसलने से लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा दुर्दशा ग्रस्त कस्बे के मध्य से गुजरा स्टेट हाईवे बांदा पैलानी तिंदवारी मार्ग है। देवगांव चौराहे से लेकर रेलवे क्रासिंग तक यह जगह-जगह भारी भरकम गड्ढों में तब्दील हो गया है। बरसात होते ही गड्ढे तालाब बन जाते हैं। इससे हादसे बढ़ रहे हैं और दो पहिया तिपहिया वाहन हादसे का शिकार होकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।

कोट

गुरुवार को सुमेरपुर में स्टेट हाईवे का निरीक्षण किया था। जहां-जहां गड्ढे हुए हैं, उन्हें भरने को कार्य कराया जा रहा है। शनिवार को सभी गड्ढे भरकर यातायात को सुगम बना दिया जाएगा।

एनके सोनी, अवर अभियंता लोनिवि।

जल्ला से कंडौर की पांच किमी सड़क पर चलना दूभर

कुरारा। क्षेत्र के जल्ला गांव से कंडौर गांव के लिए पांच किमी पक्की सड़क का निर्माण हुआ था। इस सड़क में जगह- जगह गहरे गड्ढे हो जाने से बरसात में जलभराव रहता है। जिससे वाहनों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस रास्ते से कंडौर, शंकरपुर, पारा के ग्रामीणों का आवागमन प्रतिदिन रहता है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा ने बताया कि जल्ला से गांव तक सड़क खराब हो गई है। इसमें गड्ढे हो गए है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में सड़क के गड्ढों में जलभराव रहता है।

मुस्करा-गहरौली प्रधानमंत्री सड़क की हालत भी खस्ता

मुस्करा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आने वाला मुस्करा-गहरौली मार्ग वर्तमान समय में बदहाल पड़ा है। ​बस्ती के अंदर उखड़ी सड़क के कारण, रामकृष्ण द्विवेदी इंटर कॉलेज के बच्चे व अन्य स्कूलों के बच्चे बेबस होकर बच्चे स्कूल जाते है। आए दिन मासूम बच्चे इस कीचड़ में गिरकर चोटिल हो रहे हैं और उनके कपड़े व कॉपियां खराब हो रही हैं।​हजारों की आबादी का आना-जाना दूभर हो रहा है। जिसमें ई-रिक्शा व अन्य वाहन आए दिन पलटते रहते है। ​यह मार्ग क्षेत्र की सबसे बड़ी आबादी वाले गांवों गहरौली, हुसैना, तगारी, अलरा गौरा को कस्बा मुस्करा से जोड़ता है। रोजाना हजारों किसानों, मजदूरों और राहगीरों का आना-जाना इसी मार्ग से होता है। स्थानीय निवासी संदीप द्विवेदी ने बताया कि सड़क की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि आए दिन यात्रियों से भरे ई-रिक्शा और अन्य वाहन यहां पलट रहे हैं, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं। किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

क्या सड़क की स्थिति खस्ता हो रही है?
हाँ, बारिश के कारण सड़कों की हालत खस्ता हो गई है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsHamirpur NewsHamirpur News: बारिश ने सड़कों की खोली पोल-पट्टी, खुली मजबूती की पोल