हमीरपुर में कफ सिरप से मासूम की मौत में वार्ड आया बर्खास्त

Feb 14, 2026 10:07 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हमीरपुर
share

Hamirpur News - हमीरपुर में एक तीन वर्षीय बच्चे की कफ सिरप पीने से मौत के बाद आरोपी वार्ड आया उमा सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। बच्चे को इलाज के लिए उसकी दादी द्वारा क्लीनिक ले जाया गया था, जहां से उसे गलत दवाएं दी गई थीं। पुलिस ने वार्ड आया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और जांच जारी है।

हमीरपुर में कफ सिरप से मासूम की मौत में वार्ड आया बर्खास्त

हमीरपुर, संवाददाता। मौदहा कस्बे के वार्ड नंबर 19 सिचौलीपुरवा में कफ सिरप पीने से मासूम की मौत के मामले में एफआईआर होने के बाद शुक्रवार को आरोपी वार्ड आया को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वार्ड आया को जन संसाधन एजेंसी कानपुर के जरिए आउटसोर्सिंग पर अरतरा पीएचसी में रखा गया था। वार्ड आया अपने घर पर क्लीनिक चला रही थी। वह खुद ही मरीजों को देखती थी। सिचौलीपुरवा निवासी ब्रजेश वर्मा के तीन वर्षीय पुत्र कार्तिक को सर्दी-जुकाम और खांसी की समस्या होने से नौ फरवरी को दादी शोभारानी दिखाने के लिए पड़ोस में ही क्लीनिक चलाने वाली उमा सिंह के पास ले गईं थीं।

उमा सिंह अरतरा पीएचसी में आउटसोर्सिंग से वार्ड आया के पद पर तैनात है, जो कि आसपास के क्षेत्र में खुद को डॉक्टर बताते हुए प्रैक्टिस भी करती थी। भोले-भाले और कम-पढ़े लिखे लोगों की क्लीनिक में भीड़ लगी रहती थी। जहां से पैसा लेकर सरकारी दवाएं भी मरीजों को थमा दी जाती थीं। नौ फरवरी को वार्ड आया से मिली कफ सिरप कोडेक्स और एक एंटी बॉयोटिक दवा के सेवन के बाद कार्तिक की हालत बिगड़ गई थी और दूसरे दिन 10 फरवरी की शाम को उसकी मौत हो गई। परिजनों के आरोपों के बाद वार्ड आया के आवास पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छापा मारा। पिता की तहरीर पर आरोपी उमा के विरुद्ध मौदहा कोतवाली में धारा 106 बीएनएस के तहत रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई थी। 11 फरवरी की शाम को पोस्टमार्टम के बाद कार्तिक का शव उसके घर पहुंचा। गुरुवार की सुबह परिजन उमा की गिरफ्तारी के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़ गए। इसकी वजह से फिर से तनातनी का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने उमा को शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया। तब कहीं परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया था। इधर स्वास्थ्य विभाग ने उमा को बर्खास्त करने को लेकर आउटसोर्सिंग संस्था जन संसाधन कानपुर को पत्र लिखा था। सीएमओ डॉ.गीतम सिंह ने बताया कि वार्ड आया उमा सिंह को आउटसोर्सिंग संस्था जन संसाधन कानपुर ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। अभी इसके विरुद्ध विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।