इटरा के बजरंगबली आश्रम में श्रद्धा के साथ मनी हनुमान जयंती
भरुआ सुमेरपुर। हिन्दुस्तान संवाद क्षेत्र के इटरा के बजरंगबली आश्रम में हनुमान जयंती...
भरुआ सुमेरपुर। हिन्दुस्तान संवाद
क्षेत्र के इटरा के बजरंगबली आश्रम में हनुमान जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ धूमधाम के साथ मनाई गई। इस मौके पर बजरंग बली की प्रतिमा को विधिवत सजाया संवारा गया। भक्तों ने सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए पूजन-अर्चन कर भोग लगाया।
इटरा के बजरंगबली आश्रम की ख्याति दूर-दूर तक है। प्रत्येक मंगलवार को हजारों भक्त यहां दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। चैत्र मास की पूर्णिमा को बजरंगबली की जयंती मनाई जाती है। संयोग से इस वर्ष पूर्णिमा मंगलवार को थी। ऐसा संयोग कभी-कभार ही बनता है। आश्रम के महंत स्वामी बलरामदास महाराज ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते इस वर्ष सभी कार्यक्रम सादगी के साथ मनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर हनुमान जी की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार करके विधि विधान के साथ पूजन-अर्चन करके क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की गई। पूजन अर्चन के बाद दर्शन के लिए मंदिर के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए। सुबह से शाम तक हजारों लोगों ने दर्शन पूजन करके भगवान को भोग अर्पित किया।
