वायरल वीडियो : शादी कराने की जिद पर टावर पर चढ़ा सिरफिरा पांच घंटे बाद उतरा
Hamirpur News - कुरारा क्षेत्र में एक युवक ने मोबाइल फोन के टावर पर चढ़कर लड़कियों से शादी कराने की मांग की। उसने कई लड़कियों के नाम लिए और विधायक को बुलाने की भी कोशिश की। पुलिस ने पांच घंटे बाद उसे समझाकर नीचे उतारा और अस्पताल में भर्ती कराया। युवक मानसिक रूप से बीमार बताया गया है।
कुरारा (हमीरपुर), संवाददाता। कुरारा क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सिरफिरा मोबाइल फोन के टावर पर चढ़कर लड़कियों से शादी कराने की जिद करने लगा। वह जोर-जोर से कई लड़कियों के नाम लेता रहा। शोरगुल मचने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस भी समझाती रही। करीब पांच घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद मनपसंद की लड़की से शादी कराने का आश्वासन देकर उसे उतारा गया। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में लेकर सीएचसी में भर्ती कराया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।मौदहा
कस्बे के कुम्हरौडा निवासी नीतीश प्रजापति उर्फ गोलू की झलोखर गांव में ननिहाल है। नीतीश अपने मामा रामलखन प्रजापति के यहां आया हुआ था। शुक्रवार रात वह कुरारा कस्बे के वार्ड नंबर नौ नई बस्ती के किनारे लगे निजी संचार कंपनी के टॉवर में चढ़ गया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उससे बात करनी चाही परंतु सफलता नहीं मिली। टावर के ऊपर से नीतीश कई लड़कियों के नाम लेकर उनसे शादी करवाने की बात करता रहा। उसने विधायक को भी मौके पर बुलाने के लिए कहा। परिजनों से फोन पर उसने बात की तो भी यही बातें दोहराता रहा। करीब पांच घंटे तक यह घटनाक्रम चलता रहा। देर रात करीब एक बजे नीतीश को पुलिस ने आश्वासन दिया कि वो उसकी शादी पसंद की लड़की से कराएंगे। पुलिस के भरोसा देने के बाद नीतीश टावर से उतरा। पुलिस उसे कुरारा सीएचसी ले गई। कुछ देर इलाज के बाद उसे मामा रामलखन के सुपुर्द कर दिया गया। रामलखन ने बताया कि नीतीश मानसिक रूप से बीमार है। इसका इलाज कई माह तक बांदा में चला। अब ग्वालियर से दवाएं चल रही हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


