Hamirpur News: पिता-पुत्र ने मजदूर को पीटा, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
Hamirpur News: गहरौली गांव में एक मजदूर अरविंद कुमार की शराब के नशे में दबंगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित ने थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।

Hamirpur News: मुस्करा। थानाक्षेत्र के गहरौली गांव में एक मजदूर के साथ मारपीट की गई। पीड़ित मजदूर ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में धुत दबंगों ने साथ न जाने पर उसकी लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी के बैट से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई भी नहीं की। गहरौली निवासी पीड़ित अरविंद कुमार ने बताया कि 20 जुलाई की शाम करीब 6 बजे गांव के कल्लू केवट ने उस पर साथ चलने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया। फिर अपने लड़के छोटू को भी बुला लिया। दोनों ने मिलकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी के बैट से उसकी जमकर पिटाई की।
घटना की सूचना उसने थाने में दी, जिसके बाद पुलिस ने 21 जुलाई को उसे डॉक्टरी मुआयने के लिए सीएचसी मुस्करा भेजा। हालत गंभीर होने पर उसे हमीरपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका डॉक्टरी परीक्षण किया। पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टरी रिपोर्ट मुस्करा थाने में दाखिल होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने एसपिी से कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


