
जान जोखिम में डाल एसडीएम ने पकड़ा ओवर लोड डंपर
Hamirpur News - हमीरपुर में मौरंग खनन शुरू होते ही ओवरलोड वाहनों की समस्या बढ़ गई है। डीएम घनश्याम मीणा ने चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एसडीएम केडी शर्मा ने एक ओवरलोड डंपर को पकड़ा। अधिकारियों की निगरानी के बावजूद, ओवरलोडिंग और लोकेशनबाज सक्रिय हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
हमीरपुर, संवाददाता। जनपद में मौरंग खनन की शुरुआत होते ही ओवरलोड वाहनों की निकासी का खेल शुरू हो गया है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने की नीयत से डीएम घनश्याम मीणा ने सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दे रखे हैं। रोज टीमें जनपद भर में अभियान चलाकर ओवर लोड मौरंग/गिट्टी से भरे ट्रकों/डंपरों को पकड़ने में लगी हुई है। इस अभियान के दौरान ही एसडीएम सदर केडी शर्मा का अपनी टीम के साथ एक मौरंग से भरे ओवर लोड डंपर को पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें डंपर चालक हॉर्न-हूटर बजाने के बावजूद चेकिंग टीम को साइड नहीं दे रहा है और ओवरटेक करने की कोशिश में कट मारने की कोशिश कर रहा है।
फिर भी एसडीएम सदर इस ओवरलोड डंपर पर यमुना नदी का पुल पार करने के बाद किसी तरह काबू पाकर पकड़ते हैं। हालांकि वायरल हो रहे वीडियो की आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान पुष्टि नहीं करता है। जनपद में खदानें शुरू होते ही ओवरलोडिंग का खेल शुरू हो गया है। जगह-जगह लोकेशनबाज भी सक्रिय हो गए हैं। जो चेकिंग टीमों की निगरानी कार्यालयों से लेकर आवासों के ईद-गिर्द करते हैं। अधिकारियों के रूट पर निकलते ही लोकेशनबाज ओवरलोड गाड़ियों को लोकेशन देने लगते हैं। लोकेशनबाजी पर ही ओवरलोडिंग का खेल शुरू होता है, जो कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बन जाता है। एक ऐसा ही वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एसडीएम सदर की कार एक ओवर लोड मौरंग से भरे डंपर का शहर के रानी लक्ष्मीबाई तिराहा से पीछा करनी शुरू करती है। कार में एसडीएम सदर केडी शर्मा और उनके साथ सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। चालक हूटर के साथ ही बार-बार डंपर चालक को रुकने का इशारा करता है। मगर डंपर चालक पहले तो कार को साइड नहीं देता। पूरा यमुना नदी का पुल लहराते हुए पार करता है और जैसे ही पुल पार होता है, फिर से चालक रफ्तार बढ़ा देता है। किसी तरह एसडीएम की कार इस डंपर को ओवर टेक कर लेती है। इसके बाद पीछे बैठे सुरक्षा कर्मी डंपर चालक को रुकने का इशारा करते हैं, ड्राइवर हाथ बाहर निकालकर रुकने को कहता है, मगर डंपर चालक पर असर नहीं होता है। सामाने से आ रहे अन्य ट्रकों की वजह से चालक को अपना डंपर रोकना पड़ता है, तब कहीं जाकर जवाहर नाले के पुल के ऊपर एसडीएम का स्कॉर्ट इस डंपर चालक को पकड़ पाता है। इस दौरान कई बार एसडीएम की कार भी इस डंपर की चपेट में आते-आते बचती दिखती है। इस संबंध में एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि संबंधित डंपर को कुछेछा चौकी में सीज कराया गया है। खनिज अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




