
महंगी दरों में उर्वरक बेचने वाले का लाइसेंस निलंबित
Hamirpur News - 0 राठ के उर्वरक विक्रेता का सोशल मीडिया में वायरल हुआ था वीडियो हमीरपुर, संवाददाता। कृषि विभाग ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान ले
हमीरपुर, संवाददाता। कृषि विभाग ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए महंगी दरों में उर्वरक बेचने वाले राठ के एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित करते हुए किसी भी प्रकार के उर्वरक की बिक्री पर रोक लगा दी है। जिला कृषि अधिकारी डॉ.हरीशंकर ने बताया कि मेसर्स गौतम बिल्डर्स राठ के प्रतिष्ठान पर यूरिया 370 रुपए प्रति बोरी एवं डीएपी 1750 रुपए प्रति बोरी के दर से कृषकों को बेचा जा रहा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद जांच में मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्म का उर्वरक लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए समस्त प्रकार के उर्वरकों की बिकी प्रतिबंधित कर दी है।

जिला कृषि अधिकारी ने उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि यूरिया/डीएपी बिक्री करते समय कृषकों को अन्य उत्पादों की जबरिया टैगिंग कदापि न की जाए। यदि इसके पश्चात भी किसी भी उर्वरक विक्रेता के द्वारा अन्य उत्पादों की जबरिया टैगिंग तथा प्रतिष्ठान पर बिना पेंट से लिखे हुए रेट बोर्ड पाए जाते हैं या फिर निर्धारित दर से अधिक दर पर बिक्री करते हुए पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 में निहित प्राविधांतर्गत विधिक कार्यवाही अमल में लायी जाएगी। उधर, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डिंपल केन ने उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए कृषकों को निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने को उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया। साथ ही उर्वरक प्रतिष्ठानों पर उर्वरक रेट बोर्ड एवं अभिलेखों को अपडेट करने को निर्देशित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




