हमीरपुर में किराना और रेडीमेड गॉरमेंट की दुकानों में भड़की आग, करोड़ों का नुकसान
संक्षेप: Hamirpur News - हमीरपुर के सुभाष बाजार में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक किराने की थोक व्यापारी की बिल्डिंग में आग लग गई। आग से पहले और दूसरे फ्लोर पर रखा सामान जलकर खाक हो गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने में...

हमीरपुर। सुभाष बाजार में बुधवार की देर रात शॉर्ट सर्किट की वजह से किराने के थोक व्यापारी की बिल्डिंग में आग भड़क उठी। बिल्डिंग के एक तरफ थोक किराना और दूसरी तरफ रेडीमेड की दुकान और गोदाम है। आग इस कदर फैली की फर्स्ट और सेकेंड फ्लोर में रखा किराना-मसाला और कपड़े जलकर खाक हो गए। साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों की टीम ने आग पर काबू पाया। आग से करीब दो करोड़ रुपए के नुकसान की संभावना जताई गई है। शहर के सुभाष बाजार सब्जी मंडी मैदान में रामकिशोर एंड सन्स के नाम पर पुरानी किराने की दुकान है।
तीन खंड की इस दुकान में नीचे के खंड में सब्जी मंडी की तरफ किराना और दूसरी तरफ मनीष गॉरमेंटस के नाम से रेडीमेड की दुकान है। मनीष गॉरमेंटस का फर्स्ट फ्लोर में भी रेडीमेड कपड़े का शोरुम है। किराने की दुकान दोनों भाई सोनू और मोनू गुप्ता चलाते हैं। किराना दुकान के ऊपर के दोनों फ्लोर में गोदाम है, जिसमें किराना, मसाला, रिफाइंड, घी आदि सामान डंप रहता है। संभावना जताई गई है कि देर रात किराना दुकान के फर्स्ट फ्लोर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी जो ऊपर के दोनों फ्लोर में फैल गई। जब बाजार के चौकीदारों की नजर दुकान से निकलते धुएं पर पड़ी तो उसने दुकान मालिक को फोन से सूचना दी। रात करीब दो बजे के आसपास दुकान मालिक और उनके परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आग दोनों फ्लोर में फैल चुकी थी। सूचना पर दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन आग की विभीषिका को देखते हुए भरुआ सुमेरपुर, मौदहा और राठ से भी फायर ब्रिगेड के दस्ते बुलाए गए। लहुरीमऊ के नेयवेली पावर प्लांट से भी सीआईएसएफ की टीम दो गाड़ियां लेकर बाजार पहुंच गई। रात करीब ढाई बजे से आग बुझाने की मशक्कत शुरू की गई। गुरुवार की सुबह सात बजे के आसपास आग पर काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड से दोनों दुकानों के मालिकों का करीब दो करोड़ रुपए के नुकसान का आंकलन किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




