
डंपर ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, महिला की मौत, तीन घायल
Hamirpur News - जरीया थानाक्षेत्र के चंडौत गांव में एक तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतक महिला के दो बच्चे हैं। गांव में शोक का माहौल है।
सरीला, संवाददाता। जरिया थानाक्षेत्र के चंडौत गांव में शनिवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े सवारियों से भरे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारियां हवा में उड़कर दूर गिरी। घटना स्थल पर ही एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को एंबुलेंस में लादकर सीएचसी सरीला लाया गया, जहां से सभी को प्राथमिक उपचार के बाद उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एक युवक की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई है। सरीला कस्बा निवासी जितेंद्र शनिवार को अपने ई-रिक्शा से सवारियां लेकर सरीला जाने को चंडौत गांव में खड़ा था।
शाम करीब 4.15 बजे झबरा की ओर से आ रहे डंपर ने सामने से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा में बैठी सवारियां हवा में उछलकर दूर जा गिरी। घटना स्थल पर ही जरिया गांव निवासी 35 वर्षीय सुमन देवी पत्नी रमाकांत की मौत हो गई। रमाकांत ने बताया कि वह पत्नी के साथ मवई गांव से अंत्येष्टि में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी डंपर ने टक्कर मार दी। चालक को वह बार-बार हाथ देकर रुकने का इशारा करते रहे, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार 35 वर्षीय छोटेलाल निवासी सरीला, 26 वर्षीय जितेंद्र और 35 वर्षीय संतोष निवासी खेड़ाशिलाजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर चंडौत चौकी प्रभारी रमाकांत शुक्ल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी सरीला भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जितेंद्र और संतोष को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया। जितेंद्र की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई है। मृतका सुमन देवी अपने पीछे 13 वर्षीय पुत्र दीपक और 11 वर्षीय पुत्री ज्योति को रोता-बिलखता छोड़ गई है। घटना के बाद गांव में शोक छाया हुआ है। चौकी प्रभारी ने बताया कि डंपर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




