कुदरत के कहर से टूटा किसान फांसी के फंदे पर झूला
Hamirpur News - हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव में एक किसान चंद्रशेखर राजपूत ने फसल बर्बाद होने के कारण अपने घर में फांसी लगा ली। किसान के पास 50 हजार रुपये का बैंक लोन और साहूकारों से भी कर्ज था। बेटी की शादी की उम्मीद थी, लेकिन मौसम ने सभी उम्मीदें तोड़ दीं।

हमीरपुर। मुस्करा थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव में कुदरत के कहर से चौपट हुई फसल से आहत होकर एक किसान बुधवार देर रात अपने ही घर में फांसी के फंदे पर झूल गया। फंदे से लटके किसान को देख घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसान को फसल से बेटी की शादी धूमधाम से करने के साथ ही बैंक और साहूकारों से लिए गए कर्ज से छुटकारे की उम्मीद थी, पर आंधी और बारिश से सब बर्बाद हो गया था। पहाड़ी गांव निवासी 50 वर्षीय किसान चंद्रशेखर राजपूत के पास करीब ढाई बीघा जमीन थी।
परिजनों के मुताबिक चंद्रशेखर पर इंडियन बैंक का करीब 50 हजार रुपए का लोन था, जबकि गांव के साहूकारों से भी 50 से 60 हजार रुपये कर्ज ले रखा था। इसके साथ ही उन्हें इसी साल बेटी की शादी करनी थी। इस बार उन्हें अपनी अच्छी फसल से उम्मीद थी कि कर्ज उतरने के साथ ही बेटी की शादी धूमधाम से कर सकेंगे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से तेज हवा के साथ हो रही बारिश से फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। सारी उम्मीदें टूटने से चंद्रशेखर तनाव में थे। भतीजे बृजेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार रात चाचा रोज की तरह अपने कमरे में सोने के लिए गए हुए थे। सुबह वह काफी देर तक बाहर नहीं आए। इसपर उनकी बेटी कोमल ने कमरे में झांका तो पिता का शव फंदे पर लटका देख चीख पड़ी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में हुई बारिश से करीब 40 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं और फसल को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


