ई-रिक्शा चोर को रातोंरात खोजकर पकड़ा, घर लाकर धुना
Hamirpur News - हमीरपुर में चौरा देवी से चोरी हुआ ई-रिक्शा आठ घंटे के भीतर दुर्गा मोड़ के पास बरामद हुआ। ई-रिक्शा का मालिक खुद इसकी खोज में था। जब वह मौके पर पहुंचा, तो चोर ई-रिक्शे की बैटरी खोल रहा था। उसे पकड़कर अपने मोहल्ले ले गया और पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया।

हमीरपुर, संवाददाता। शहर के चौरा देवी से बुधवार की रात चोरी हुई ई-रिक्शा आठ घंटे के अंदर थाना सजेती के दुर्गा मोड़ के पास से बरामद हो गया। ई-रिक्शा मालिक स्वयं ही रिक्शे की खोजबीन में लगा हुआ था। सूचना मिलने के बाद सवेरे जब रिक्शा मालिक दुर्गा मोड़ पहुंचा तो चोर ई-रिक्शे की बैटरी खोलने में लगा हुआ था। जिसे मौके पर ही दबोच लिया गया। ई-रिक्शा मालिक इसे अपने साथ अपने मोहल्ले लेकर आ गया और यहां जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। दावा किया है कि घटना स्थल पर एक और चोरी का ई-रिक्शा पलटा हुआ पड़ा था।
शहर के डिग्गी निवासी सुरेंद्र निषाद ने बताया कि कल रात को उसका ई-रिक्शा चौरा देवी मंदिर के पास से चोरी चला गया था। तभी से वो रिक्शे की तलाश में अपने स्तर से जुटा था। उसे तड़के सूचना मिली कि उसका ई-रिक्शा दुर्गा मोड़ के पास है। इस सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचा तो एक व्यक्ति ई-रिक्शे की बैटरी खोलकर बेचने की फिराक में था। खरीददारी भी मौके पर आ चुका था। तभी उसने चोर को पकड़ लिया। उसे अपने साथ अपने मोहल्ले ले आया।चोरी गए ई-रिक्शा बरामद होने और चोर को भी साथ देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसने चोर की पिटाई भी कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस को चोर सुपुर्द कर दिया गया। सुरेंद्र ने बताया कि जहां से उसका रिक्शा बरामद हुआ है वहां एक और चोरी का रिक्शा पलटा हुआ पड़ा था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


