प्रधान के ड्राइवर ने मासूम से की छेड़खानी, गिरफ्तार
Hamirpur News - हमीरपुर में ग्राम प्रधान के ड्राइवर ने पपीता खिलाने के बहाने पड़ोसी की पांच वर्षीय बेटी के साथ छेड़खानी की। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय आरोपी की मां भी घर में मौजूद थी। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामला दर्ज किया गया है।

हमीरपुर। ग्राम प्रधान के ड्राइवर ने पपीता खिलाने के बहाने पड़ोसी की पांच वर्षीय बच्ची को अपने घर ले जाकर छेड़खानी की। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता और आरोपी एक ही बिरादरी के हैं। जरिया थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पांच वर्षीय पुत्री 12 मई की शाम करीब सात बजे घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी खलक सिंह अनुरागी उसे पपीता खिलाने के बहाने अपने घर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। घटना के समय आरोपी की मां भी उसी घर के अंदर मौजूद थी।
आरोपी का घर पीड़ित परिवार के घर से कुछ ही दूरी पर है। घटना के बाद बच्ची पहले सहमी रही। अगले दिन उसने मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक जरिया दिनेश पांडेय ने बताया कि शिकायत पर मामले में आरोपी खलक सिंह अनुरागी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा उसका बयान महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में दर्ज कराया गया है। आरोपी ने पूछताछ में आरोपों से इनकार किया है। मामले की विवेचना की जा रही है। बता दें कि आरोपी खलक सिंह अपने गांव के प्रधान का ड्राइवर है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


