ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश हमीरपुरओपीडी समय में डॉक्टर गायब, मरीज बेहाल

ओपीडी समय में डॉक्टर गायब, मरीज बेहाल

दीवान शत्रुघ्न सिंह सदर अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों के समय से न बैठने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक डॉक्टरों के कक्षों के बाहर मरीज तो मिले, मगर डॉक्टर...

ओपीडी समय में डॉक्टर गायब, मरीज बेहाल
हिन्दुस्तान टीम,हमीरपुरFri, 09 Mar 2018 06:30 PM
ऐप पर पढ़ें

दीवान शत्रुघ्न सिंह सदर अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों के समय से न बैठने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक डॉक्टरों के कक्षों के बाहर मरीज तो मिले, मगर डॉक्टर साहब नदारत थे। इस संबंध में जब सीएमएस से बात की गई तो उन्होंने एक-एक डॉक्टर को फोन लगाकर अपने-अपने कक्षों में समय से बैठने की हिदायतें देनी शुरू कर दी।

सदर अस्पताल जनपद के अलावा पड़ोसी जनपदों फतेहपुर, जालौन, बांदा और महोबा के साथ-साथ कानपुर नगर के ग्रामीण इलाकों के मरीजों के लिए बड़ा सहारा है। सुबह होते ही दूरदराज के इलाके के मरीजों की अस्पताल में भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। लेकिन डॉक्टरों के समय से ओपीडी में न बैठने की वजह से इन मरीजों को मुश्किल हालात का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक ओपीडी में सन्नाटा पसरा हुआ था। जबकि ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से शुरू हो जाता है। एक घंटा डॉक्टर राउण्ड पर रहते हैं और भर्ती मरीजों की जांच-पड़ताल कर उनका हालचाल लेते हैं। इसके बाद डॉक्टरों का समय ओपीडी का शुरू हो जाता है। जो दिन के 2 बजे तक चलता है। लेकिन कोई भी डॉक्टर समय से ओपीडी में नहीं बैठ रहा है।

उधर, इस संबंध में सीएमएस डॉ.आरके शर्मा का कहना है कि डॉक्टरों को हमेशा समय से कक्षों में बैठने की हिदायतें दी जाती रही है। लेकिन कुछ डॉक्टर अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने मौके पर ही सभी डॉक्टरों को फोन लगाकर अपने-अपने कक्षों में बैठने की हिदायतें दी। जिसके बाद डॉक्टर धीरे-धीरे अपने कक्षों में बैठने लगे। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे ओपीडी का समय है। एक घंटे तक राउण्ड चलता है। नौ, सवा नौ बजे तक डॉक्टरों को अपने कक्षों में बैठ जाना चाहिए। मगर ऐसा नहीं हो रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें