प्रभु राम की कथा साक्षात मोक्षदायिनी : साध्वी सुनयना

हिन्दुस्तान, हमीरपुर
Follow us on Google News
share

हमीरपुर के मुस्करा ब्लाक में संकट मोचन धाम में चल रहे श्री राम महायज्ञ में संतों के ज्ञान की गंगा बह रही है। सुप्रसिद्ध साध्वी सुनयना ने राम चरित्र पर प्रकाश डाला। रात्रिकालीन सत्र में भव्य रामलीला का मंचन हुआ, जिसमें भगवान विष्णु की झांकी और राम जन्म लीला का प्रदर्शन भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना।

प्रभु राम की कथा साक्षात मोक्षदायिनी : साध्वी सुनयना

हमीरपुर, संवाददाता। मुस्करा ब्लाक में संकट मोचन धाम पहाड़ी-भिटारी गांव में चल रहे श्री राम महायज्ञ में धार्मिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। यज्ञ के दिव्य माहौल में दिन में जहां संतों की वाणी से ज्ञान की गंगा बह रही है, वहीं रात्रिकालीन सत्र में भव्य रामलीला का मंचन श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।महायज्ञ में दोपहर के सत्र में सुप्रसिद्ध मानस कोकिला साध्वी सुनयना के मुखारविंद से दिव्य श्री राम मानस सत्संग का आयोजन हुआ। कथा व्यास पीठ से साध्वी जी ने प्रभु श्री राम के पावन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का संपूर्ण जीवन संपूर्ण मानव जाति के लिए एक महान आदर्श है।

राम कथा केवल श्रवण करने के लिए नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए है। जो जीव प्रभु राम के लोक-कल्याणकारी चरित्र को अपना लेता है, उसका जीवन साक्षात धन्य हो जाता है। रात्रिकालीन सत्र में अयोध्या रामलीला मंडल के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य श्री रामलीला के प्रथम दिवस का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। लीला के प्रारंभ में भगवान विष्णु के साक्षात 'चतुर्भुज रूप' की अलौकिक और दिव्य झांकी का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु जयकारे लगाने लगे। इसके उपरांत राजा दशरथ के महल में प्रभु के अवतरण के साथ 'श्री राम जन्म लीला' का जीवंत और मनमोहक मंचन हुआ। 'भए प्रगट कृपाला दीनदयाला' के पावन गान पर पूरा कथा पंडाल झूम उठा और भक्तों ने प्रभु की आरती वंदन कर खुशियां मनाईं। लीला के अंतिम चरण में महर्षि वशिष्ठ द्वारा चारों देव-स्वरूप भाइयों का नामकरण लीला राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न का अत्यंत सुंदर ढंग से प्रदर्शन किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।