Hindi NewsUttar-pradesh NewsHamirpur NewsDistrict Magistrate Inspects Cold Weather Arrangements in Himachal Pradesh Amid Severe Cold
भीषण सर्दी के बीच इंतजामों को परखने निकले डीएम

भीषण सर्दी के बीच इंतजामों को परखने निकले डीएम

संक्षेप:

Hamirpur News - हमीरपुर, संवाददाता। भीषण सर्दी के बीच देर रात डीएम घनश्याम मीणा ने वृद्धाश्रम, रैन-बसेरों

Jan 07, 2026 09:02 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हमीरपुर
share Share
Follow Us on

हमीरपुर, संवाददाता। भीषण सर्दी के बीच देर रात डीएम घनश्याम मीणा ने वृद्धाश्रम, रैन-बसेरों और जिला अस्पताल में सर्दी से बचाव के इंतजामों का जायजा लिया। डीएम के निरीक्षण की भनक लगने पर नगर पालिका के अलावों में लकड़ी की मात्रा बढ़ा दी गई थी ताकि डीएम के सामने ठंडे न दिखें। मंगलवार को पारा 6 डिग्री पर पहुंच गया था, जो अब तक का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। रात करीब सवा नौ बजे के आसपास डीएम ने शीतलहर के प्रकोप के बीच आम जनमानस की सुरक्षा और राहत व्यवस्थाओं को परखने के प्रमुख स्थानों का सघन भ्रमण किया। डीएम ने अपने निरीक्षण की शुरुआत नगर में संचालित वृद्धाश्रम से की, जहां उन्होंने आवासित वृद्धजनों से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए और संचालकों को निर्देश दिए कि वृद्धों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद डीएम नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित रैन-बसेरा पहुंचे, जहां उन्होंने ठहरे हुए लोगों से संवाद किया और रुकने व बिस्तर आदि की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। बाद में डीएम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, महिला वार्ड एवं बच्चों के वार्ड का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और दवाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम ने मौके पर ही चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया और सख्त निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार और देखभाल में कोई कोताही न बरती जाए। अस्पताल के बाद डीएम रोडवेज डिपो स्थित रैन बसेरा पहुंचे। भ्रमण के दौरान डीएम ने नगर पालिका एवं राजस्व विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर जलाए जा रहे अलावों का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि रात्रि में मुख्य चौराहों और रैन-बसेरों के समीप अलाव की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। रैन बसेरों और जिला अस्पताल में स्वच्छता, पर्याप्त गर्माहट, साफ चादरें और पेयजल की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस भ्रमण के दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विजय शंकर तिवारी, तहसीलदार वीर पाल, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका हेमराज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। चप्पल पहनकर भागते हुए पहुंचे महिला सीएमएस देर रात डीएम के अस्पतालों के निरीक्षण की खबर मिलते ही महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.केएस मिश्रा चप्पल पहनकर भागते हुए पहुंचे। तब तक डीएम महिला अस्पताल के वार्ड से निकलकर पुरुष अस्पताल के जनरल वार्ड में पहुंच चुके थे। हालांकि इस दरम्यान डीएम ने महिला अस्पताल के सीएमएस के बारे में स्टाफ से जानकारी ली तो पता चला कि वह आवास में है और आ रहे हैं। पालिका ने बढ़ाई अलाव में लकड़ी की मात्रा डीएम के निरीक्षण से पालिका के अलावों में लकड़ी की मात्रा बढ़ा दी गई। महिला अस्पताल के बाहर जल रहे अलाव में लकड़ी आम दिनों के मुकाबले कल ज्यादा थी और लौ भी तेज थी। यहां मौजूद एक तीमारदार ने बताया कि वह तीन दिनों से अस्पताल में है। आज जैसा अलाव अभी तक नहीं जलाया जा रहा था। डीएम के निरीक्षण का असर है कि पालिका ने अलावों में लकड़ी की मात्रा को बढ़ा दिया।