ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश हमीरपुरयमुना नदी की तलहटी में मिले मां-बेटे के शव, हड़कंप

यमुना नदी की तलहटी में मिले मां-बेटे के शव, हड़कंप

हमीरपुर। हिन्दुस्तान संवाद थानाक्षेत्र के ग्राम सुरौली बुजुर्ग में यमुना नदी की...

यमुना नदी की तलहटी में मिले मां-बेटे के शव, हड़कंप
हिन्दुस्तान टीम,हमीरपुरFri, 07 May 2021 10:32 PM
ऐप पर पढ़ें

हमीरपुर। हिन्दुस्तान संवाद

थानाक्षेत्र के ग्राम सुरौली बुजुर्ग में यमुना नदी की तलहटी में मां-बेटे के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों शव चौबीस घंटे के अंतराल में मिले। ग्रामीण महिला की बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। मृतका बिहार प्रांत के किशनगंज जनपद की रहने वाली थी। जबकि उसकी ससुराल पश्चिम बंगाल में है। मृतका को चार दिन पूर्व सुरौली बुजुर्ग गांव में कुछ लोगों के साथ देखा गया था। पुलिस यमुना नदी में बहकर आई लाशों में इनको भी शामिल करना चाहती थी परंतु शवों के पास से बैग इत्यादि सामग्री मिलने से मामला गड़बड़ा गया।

थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने यमुना नदी की तलहटी से एक महिला का शव बुधवार की देर शाम बरामद किया था। दूसरे दिन गुरुवार को तीन वर्षीय मासूम बच्चे का शव भी बरामद किया गया। बच्चे के शव के पास से एक बैग मिला है जिसमें महिला के कपड़ों के साथ कागजात व कुछ फोन नंबर आदि भी लिखे थे। जिसके आधार पर महिला की शिनाख्त निरमा कुमारी दास (30) पत्नी शिपुदास निवासी ग्राम कोरात बनगवां थाना बहादुरगंज जिला किशनगंज (बिहार) के रूप में हुई है। इसकी ससुराल गांव सिंधु ग्वालपोखर जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) में थी। तीन वर्षीय पुत्र का नाम अंगराज है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना से मृतका के भाई को अवगत कराया गया परंतु उसने अधिक दूरी होने तथा गरीबी का हवाला देकर यहां आने से मना कर दिया है। उधर गांव में चर्चा है कि महिला को चार दिन पूर्व गांव के चार लोगों के साथ देखा गया था। महिला यहां कैसे आई यह अभी स्पष्ट नहीं है। ग्रामीणों को आशंका है कि महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या की गई और शव को नदी में फेंक दिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शवों में चोट के निशान नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद हत्या का कारण स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि कुछ नाम सामने आए हैं उनकी तलाश भी कराई जा रही है। इनके पकड़े जाने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकता है। महिला यहां तक कैसे आई कौन लाया हत्या क्यों की यह अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। उधर गांव में मां-बेटे की लाश मिलने से गांव में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें