Hamirpur News: गौशाला से निकले मवेशियों ने उजाड़ी किसानों की फसलें
Hamirpur News: राठ तहसील के कैथी स्थित गौशाला से सैकड़ों गौवंश रात में बाहर निकल आए और पथनौड़ी के खेतों में फसलों को रौंद दिया। किसानों ने नाराजगी जताते हुए मुआवजे और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला जर्जर स्थिति में है और सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं।

Hamirpur News: राठ। राठ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत कैथी स्थित गौशाला से सोमवार रात सैकड़ों गौवंश बाहर निकल आए और पथनौड़ी मौजे के खेतों में घुसकर उड़द व मूंगफली की सैकड़ों बीघा फसल रौंद डाली। घटना से नाराज दर्जनों किसानों मंगलवार को गौशाला पहुंचे और रोष जताते हुए मुआवजे तथा जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि कैथी गाँव की गौशाला लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। पथनौड़ी न्याय पंचायत के विभिन्न गांवों के गौवंश यहां रखे गए हैं। लेकिन सुरक्षा और रखरखाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। सोमवार रात करीब नौ बजे गौवंश गौशाला से निकलकर पथनौड़ी मौजे के खेतों में पहुंच गए और पूरी रात फसलों को चरते व रौंदते रहे।
किसान राजेश मुखिया ने बताया कि अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। दिन-रात की मेहनत से तैयार की गई फसल एक ही रात में बर्बाद हो गई। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने तथा गौशाला की बदहाल व्यवस्था के लिए जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।


