ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश हमीरपुरप्रधानपति और पुत्रों की पिटाई का मामला गरमाया, धरना शुरू

प्रधानपति और पुत्रों की पिटाई का मामला गरमाया, धरना शुरू

पचखुरा महान में प्रधानपति एवं पुत्रों के साथ हुई मारपीट का मामला बुधवार को गरमा गया। घटना से आक्रोशित प्रधान संघ सड़क पर उतर आया है। ब्लाक कार्यालय के मुख्य गेट पर प्रधानों ने पाण्डाल लगाकर...

प्रधानपति और पुत्रों की पिटाई का मामला गरमाया, धरना शुरू
हिन्दुस्तान टीम,हमीरपुरWed, 22 Jan 2020 11:54 PM
ऐप पर पढ़ें

पचखुरा महान में प्रधानपति एवं पुत्रों के साथ हुई मारपीट का मामला बुधवार को गरमा गया। घटना से आक्रोशित प्रधान संघ सड़क पर उतर आया है। ब्लाक कार्यालय के मुख्य गेट पर प्रधानों ने पाण्डाल लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रधानों के प्रदर्शन को सपा ने समर्थन देते हुए आरपार की लड़ाई का ऐलान किया है।

ग्राम पंचायत पचखुरा महान में गत सप्ताह ग्राम प्रधानपति एवं पुत्र से ग्रामीणों का विवाद अन्ना गोवंश संरक्षित करने को लेकर हो गया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम प्रधानपति रामनारायण सोनकर एवं पुत्र संजय सोनकर को जमकर मारापीटा था। साथ ही प्रधानपति एवं उसके पुत्रों के साथ थाने में प्राणघातक हमला करने का मुकदमा कायम करा दिया था। मारपीट के बाद फर्जी ढंग से लादे गए मुकदमे से प्रधान संघ आक्रोशित हो गया था और 18 जनवरी को बैठक करके मुकदमा वापस न करने की दशा में 22 जनवरी से धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया था।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्रधान संघ ने संगठन के संरक्षक अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष आनंद अशोक सचान, अखिल भारतीय प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार यादव के साथ प्रधान विकासखण्ड कार्यालय के मुख्य गेट के समीप पाण्डाल लगाकर धरने में बैठ गए।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रधान संघ के संरक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जब तक मांगें पूर्ण नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष आनंद अशोक सचान ने कहा कि कल गुरुवार से अन्ना गोवंश आश्रय स्थलों का संचालन ठप करके भूसे के लिए आई धनराशि को चेक के माध्यम से खण्ड विकास अधिकारी को वापस कर दी जाएगी। संचालन कर रहे जिलाध्यक्ष अवधेश यादव ने कहा कि जब तक प्रशासन 6 सूत्री मांगें नहीं मानता तब तक आंदोलन चलेगा। धरने को प्रधान नयन सिंह वर्मा, महेशचंद्र शिवहरे ने भी संबोधित किया।

धरने में रामफूल निषाद, रवि वर्मा, विजय सिंह यादव, हरगोविंद प्रजापति, शीतल प्रसाद कोरी, बिंदा कुशवाहा, नरेंद्र सचान, कमलेश निषाद, कालीदीन विद्यार्थी, भागवत निषाद, बाबूराम यादव, श्यामबाबू प्रजापति आदि प्रधान मौजूद रहे।

एसएचओ से वार्ता हुई विफल

फर्जी मुकदमे सहित अन्य मुद्दों को लेकर आंदोलित प्रधानों के धरना स्थल पर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव पहुंचे। उन्होंने प्रधानों से वार्ता करके निष्पक्ष ढंग से विवेचना करने का आश्वासन दिया परंतु प्रधान संघ थानाध्यक्ष की बात से सहमत नहीं हुआ। कहा कि प्रधानपति की जब्त की गई लाइसेंसी राइफल मुकदमा स्पंज करके तत्काल वापस की जाए, तभी आंदोलन स्थगित होगा। बात न बनने पर थानाध्यक्ष धरने से वापस लौट गए।

सपा प्रधानों के समर्थन में उतरी

ग्राम प्रधानों के आंदोलनरत होने की खबर पाकर सपा के पूर्वमंत्री शिवचरन प्रजापति, जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाल के साथ धरने में शामिल हुए। पूर्वमंत्री ने कहा कि ग्राम प्रधानपति पुराना कार्यकर्ता है। संगठन का पदाधिकारी है, उसके साथ अन्याय हुआ है। हम इसको प्रदेश संगठन के समक्ष उठाकर आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवशरण यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष इदरीस खान, ओमप्रकाश सोनकर वारसी आदि सपा नेता मौजूद रहे।

प्रधान बोली पति और पुत्रों को जान का खतरा

पचखुरा महान की प्रधान कल्ली देवी सोनकर ने धरने में मौजूद प्रधानों एवं सपा नेताओं से कहा कि उनके पति एवं पुत्रों की जान को खतरा है। गिरफ्तारी के भय से सभी लोग गांव से बाहर हैं। पूरा परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है क्योंकि दबंग सुबह-शाम असलहों, लाठी-डंडों से लैस होकर घर के सामने से गुजरकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने किसी भी हमलावर की गिरफ्तारी नहीं की है। उन्होंने पुलिस पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

खटिक समाज ने जताया रोष

पचखुरा महान की घटना पर खटिक समाज में रोष है। अखिल भारतीय खटिक समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सोनकर वारसी की अध्यक्षता में कस्बे के पशुबाजार के समीप रामगोपाल सोनकर के आवास पर संपन्न हुई बैठक में पचखुरा महान में हुई घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि खटिक समाज हमेशा भाजपा का समर्थक रहा है। इसके बाद भी खटिक समाज का उत्पीड़न भाजपा सरकार में किया जा रहा है। इससे समाज आहत है। वक्ताओं ने कहा कि वह घटना से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराएंगे। बैठक में मण्डल अध्यक्ष रामदास सोनकर, जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार सोनकर, लेखराम सोनकर, राजा भइया सोनकर, लल्लूराम सोनकर, विजय सोनकर, रामदास सोनकर, शिवनारायण सोनकर सहित समाज के तमाम लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें