दुहते समय बिदकी भैंस ने पशुपालक को दो सौ मीटर तक हाईवे में घसीटा

Newswrap हिन्दुस्तान, हमीरपुर
share

Hamirpur News - हमीरपुर में एक पशुपालक रामजस निषाद ने नई भैंस की दुहनी करते समय उसे काबू में नहीं रख पाया। भैंस बिदक गई और खूंटा तोड़कर भागी, जिससे रामजस को हाईवे पर करीब 200 मीटर तक घसीटा गया। उसे गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुहते समय बिदकी भैंस ने पशुपालक को दो सौ मीटर तक हाईवे में घसीटा

हमीरपुर, संवाददाता। नई-नवेली भैंस की दुहनी करना पशुपालक की जान पर बन आया। अचानक भैंस बिदक गई और खूंटा तोड़कर फर्राटा भरने लगी। भागते समय भैंस के गले की रस्सी पशुपालक के पैरों में कस गई, बस फिर क्या था, भैंस पशुपालक को पशुबाड़े से करीब दो सौ मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गई। इस दरम्यान भैंस हाईवे में करीब डेढ़ सौ मीटर तक फर्राटा भरते हुए भागीं, नजारा देखकर लोग भी कांप गए। वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। बाद में कुछ लोगों ने घेरकर भैंस पर काबू पाया। पशुपालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।यह

घटना मंगलवार की सुबह छह बजे के आसपास सदर कोतवाली के कुछेछा वार्ड में घटी। वार्ड निवासी 70 वर्षीय रामजस निषाद कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सैनी के आवास से लगी गली के पीछे रहते हैं। घर के पास ही उनका पशुबाड़ा है। जिससे लगी करीब तीस मीटर लंबी गली कानपुर-सागर हाईवे में आकर मिल जाती है। रामजस ने अभी हाल ही में नई भैंस खरीदी है। मंगलवार की सुबह रामजस इसी भैंस की दुहनी करने गए थे। पशुबाड़े में खूंटे से बंधी भैंस की जैसे ही रामजस ने दुहनी शुरू की, वैसे ही भैंस बिदक गई। बस फिर क्या था, भैंस खूंटा उखाड़कर भाग खड़ी हुई। भागत समय भैंस की रस्सी रामजस के पैरों में कस गई। जिसके बाद भैंस रामजस को पशुबाड़े से लेकर करीब दो सौ मीटर दूर संत निरंकारी आश्रम तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान भैंस करीब डेढ़ सौ मीटर तक रामजस को कानपुर-सागर हाईवे पर घसीटती रही। हालांकि इस दौरान हाईवे पर ट्रैफिक रुक गया। इस हादसे में रामजस को गंभीर चोटे आई हैं। पीठ भी बुरी तरह से छिल गई है। हाथ-पैरों में जख्म हो गए हैं। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका दर्द से बुरा हाल है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।