हमीरपुर पुल हादसे में ऐक्शन शुरू, कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज

भाषा, हमीरपुर
Follow us on Google News
share

हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई। इस मामले में अब ताबड़तोड़ ऐक्शन शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

हमीरपुर पुल हादसे में ऐक्शन शुरू, कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज

UP News: यूपी के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई। इस मामले में अब ताबड़तोड़ ऐक्शन शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था के मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का कार्य ‘दि शेल्टर’ कंपनी कर रही थी। कंपनी कानपुर में कैंट स्थित जयपुरिया पुल, पनकी धाम पुल और पनकी पावर प्लांट क्षेत्र का पुल भी बना चुकी है। हादसे के बाद कंपनी की निर्माण गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत के मामले में बीती रात मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कुरारा थाने में यह मुकदमा राज्य सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार की तहरीर पर कार्यदायी संस्था के मालिक पवन प्रताप सिंह और ठेकेदार नितीश कुमार के खिलाफ सरकारी काम में लापरवाही और ढिलाई बरतने के आरोप में दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी प्रिन्स दीक्षित ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके विवेचना की जा रही है। इस संबंध में लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक अभियंता गजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को ही निलंबित कर दिया गया था।

छह श्रमिकों की चली गई थी जान

हमीरपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद घायल हुए हैं, जिन्हें मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख का मुआवजा

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर निर्माणाधीन पुल पर हुई दर्दनाक दुर्घटना में श्रमिकों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सभी जिलों के डीएम को जल्द राहत राशि जारी करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर रात कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से भारी तबाही का भी संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं। हमीरपुर हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल इसका संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।