देवर से था अवैध संबंध, पति को मार डाला; खुदकुशी दर्शाने के लिए शव को फंदे से लटकाया
देवर और भाभी के बीच अवैध संबंध चल रहा था। युवक की पत्नी और उसके भाई ने मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी देवर उमेश और भाभी काजल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यूपी के बुलंदशहर में कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेतलपुर भांसोली में एक युवक की खुदकुशी का मामला पुलिस की जांच में हत्या का निकला। मृतक की पत्नी और भाई ने मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था और घटना को खुदकुशी दर्शाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के बीच अवैध संबंध थे और वे संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे। पुलिस ने आरोपी देवर उमेश और भाभी काजल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
गौरतलब है कि दो दिन पहले कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस को बताया कि युवक द्वारा खुदकुशी की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण गला दबाना आया। इसके बाद बुधवार को कोतवाली देहात में पीड़ित पक्ष की ओर से गांव खेतलपुर भांसोली निवासी किशनपाल सिंह ने तहरीर दी, जिसमें उन्होंने अपनी पुत्रवधू काजल पर बेटे सुमित कुमार की हत्या का आरोप लगाया।
बताया कि 31 अगस्त को पुत्रवधू काजल ने किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर पति सुमित की गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए नामजद आरोपी काजल से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में मृतक सुमित के सगे छोटे भाई उमेश की संलिप्तता भी सामने आई।
दोनों पूरी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे
पुलिस के अनुसार, काजल और उसके देवर उमेश के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। दोनों पूरी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे, जिसके चलते उन्होंने मिलकर सुमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस टीम ने बुधवार को दोनों आरोपियों काजल और उमेश को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई थी और खुदकुशी दर्शाने के लिए शव को लटका दिया गया था। इस घटना को मृतक की पत्नी ने अपने देवर के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों का पूछताछ कर चालान कर दिया गया है। - ,


