रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर तड़तड़ाईं गोलियां, सगे भाइयों समेत तीन की मौत
यूपी के पीलीभीत में ट्रिपल मर्डर की वारदात हुई है। रामलीला कमेटी के हिसाब किताब को लेकर विवाद इतना बड़ गया कि तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया है।

पीलीभीत, संवाददाता। यूपी के पीलीभीत में रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर चली आ रही रंजिश ने सोमवार को खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई। एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अंकित गुप्ता, उसके 32 वर्षीय भाई मोहित गुप्ता और 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव के रूप में हुई है। घायल रोज गुप्ता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एएसपी हिमांशु गौरव समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
अमरिया कस्बा निवासी अंकित गुप्ता पुत्र नरेश गुप्ता और दूसरे पक्ष के कौशल गुप्ता के बीच रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी तनातनी रही थी। सोमवार को एक संगठन की बैठक के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
बैठक समाप्त होने के बाद कौशल गुप्ता के घर के बाहर विवाद फिर शुरू हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर कौशल गुप्ता की ओर से लाइसेंसी राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। गोलीबारी में अंकित गुप्ता और उसके भाई मोहित गुप्ता को गोली लग गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहा 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव पुत्र गुड्डू श्रीवास्तव भी फायरिंग की चपेट में आ गया। कुनाल कस्बे की एक किताब की दुकान पर काम करता था। वह काम खत्म करने के बाद घर लौट रहा था, तभी उसे गोली लग गई।
दो लोगों की मौके पर ही मौत
इस घटना में रोज गुप्ता भी घायल हो गया। गोली लगने से अंकित गुप्ता और कुनाल श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियां चलने और दो लोगों की मौत से अफरातफरी मच गई। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता को उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घायल रोज गुप्ता का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी हिमांशु गौरव समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। वारदात के बाद कस्बे में तनाव और दहशत का माहौल रहा। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पुलिस रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर चल रहे विवाद, घटना के पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

