शादी से पहले सजने गया दूल्हा लापता, खाना खाकर लौट गई बारात; दुल्हन करती रही इंतजार

लाइव हिन्दुस्तान
share

रामपुर में एक युवक शादी से पहले लापता हो गया। ब्लीचिंग कराने की बात कहकर वह घर से निकला था। उधर, दुल्हन के घर से खाना खाकर बाराती लौट भी आए लेकिन दूल्हे का कहीं पता नहीं चल सका। ग्रामीणों के मुताबिक युवक इस रिश्ते से खुश नहीं था। 

groom Missing before the wedding
शादी से पहले दूल्हा लापता

रामपुर, संवाददाता। यूपी के रामपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सोमवार को शादी से पहले ब्लीचिंग कराने गया दूल्हा गायब हो गया। दुल्हन के साथ तमाम घर आए मेहमान दरवाजे पर दूल्हे का इंतजार करते रहे। लेकिन वह नहीं लौटा। खाना खाकर बिन दुल्हन बारात भी लौट गई। ग्रामीणों के मुताबिक, दूल्हा शादी से खुश नहीं था। इसलिए वह घर से रामपुर में ब्लीचिंग की बात कहकर गायब हो गया।

मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के खेड़ा टांडा गांव का है। गांव में 90 फीसदी युवक युवती की शादी गांव से ही होती है। सोमवार को खेड़ा टांडा के रहने वाले एक युवक की बारात गांव के ही दूसरे मोहल्ले में जानी थी। सुबह दूल्हा रामपुर में ब्लीचिंग कराकर तैयार होने की बात कहकर घर से निकल गया। दोपहर तक दूल्हा वापस नहीं आया तो घर वालों को चिंता सताने लगी। इस दौरान घर पर मौजूद बाराती और रिश्तेदार भी एक-एक करके लड़की वालों के यहां खाना खाकर वापस लौट आए। बारातियों से दूल्हे के न आने का कारण पूछा तो उन्होंने देर से आने की बात कही। दुल्हन के साथ घर पर मौजूद रिश्तेदार टिक-टिकी बांधकर दूल्हे का इंतजार करते रहे।

15 दिन पहले भी गायब हुआ था दूल्हा

देर शाम तक दूल्हा नहीं पहुंचा तो दुल्हन के परिजनों ने संपर्क साधने की कोशिश की। लेकिन दूल्हे का मोबाइल नंबर बंद पाकर घर वालों के होश उड़ गए। दूल्हे के इंतजार में घर की सारी सजावट एवं तैयारी सूनी पड़ने लगी। 24 घंटे बीतने के बाद भी दूल्हे का कोई पता नहीं लग सका है। ग्रामीणों के मुताबिक दूल्हा शादी से खुश नहीं था। 15 दिन पहले भी दूल्हा अचानक गायब हो गया था। करीब 5 दिन तक गायब रहने के दौरान सोशल मीडिया पर उसके गायब होने की तस्वीर काफी वायरल हुई थी। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि सुनने में आया है दूल्हे के गायब होने के कारण बारात नहीं पहुंची है। लड़की पक्ष से तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लुटेरी दुल्हन का कारनामा, 2 लाख और जेवर लेकर हुई फरार

उधर, अमरोहा में शातिर लुटेरी दुल्हन गिरोह की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शादी के महज 24 घंटे के भीतर नई-नवेली दुल्हन दूल्हे और उसके पूरे परिवार को चकमा देकर 2 लाख की नकदी और लाखों के सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटकर रफूचक्कर हो गई। पीड़ित युवक और उसका परिवार जब तक इस शातिर ठगी को समझ पाता, तब तक दुल्हन का कोई अता-पता नहीं था। पूरे इलाके में यह वारदात चर्चा का विषय बनी हुई है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsशादी से पहले सजने गया दूल्हा लापता, खाना खाकर लौट गई बारात