सऊदी से शादी के लिए यूपी आए दूल्हे को बारात समेत बनाया बंधक, वजह कर देगी हैरान

हिन्दुस्तान, संवाददाता, पाकबाड़ा (मुरादाबाद)
Follow us on Google News
share

सऊदी से आए शाकिर के शादीशुदा होने की बात मैनठेर क्षेत्र निवासी लड़की पक्ष को जब पता चली तो  उनके होश उड़ गए। गुस्साए लड़की पक्ष ने दूल्हा सहित बारात को बंधक बना लिया और मैरिज हॉल में हंगामा होने लगे। मामला मारपीट तक पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस ने मामला सुलझाया।

सऊदी से शादी के लिए यूपी आए दूल्हे को बारात समेत बनाया बंधक, वजह कर देगी हैरान

शादीशुदा होने के बाद भी एक युवक सऊदी अरब से दूसरा निकाह करने गुरुवार को यूपी के मुरादाबाद के पाकबड़ा के मैरिज हॉल में पहुंच गया। उसके पहले शादी की भनक लड़की वालों को लगी तो युवक के साथ पूरी बारात को बंधक बनाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पाकबड़ा पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।

कुंदरकी थाना क्षेत्र के सौंदा गांव निवासी शाकिर सऊदी में नौकरी करता था। वहां उसके साथ पंजाब निवासी एक युवती भी काम करती है। दोनों के बीच प्यार हो गया। उसके बाद दोनों ने तीन साल पहले सऊदी में निकाह कर लिया। कुछ समय पहले शाकिर अपने घर लौट आया। यहां परिवार वालों ने शाकिर का रिश्ता मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती से तय कर दिया था।

पहली पत्नी के परिजनों ने पुलिस में की शिकायत

बीते गुरुवार को लड़की पक्ष ने पाकबड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर कलां गांव स्थित मैरिज हॉल में शादी का कार्यक्रम रखा था। शाकिर के दूसरे निकाह की भनक सऊदी में रहने वाली उसकी पंजाब निवासी पत्नी को लग गई। उसने अपने मायके वालों को कॉल करके यह बात बता दी। लड़की वालों ने पंजाब से कुंदरकी पुलिस को फोन करके बताया तो पुलिस ने उनसे कह दिया कि आप यहां आकर लड़के पक्ष से बात करो। बताया गया कि इसकी भनक शाकिर को लगी तो उसने घर से कुछ दूरी पर अपने छोटे भाई को कपड़े पहनाकर सेहरा बंधवा दिया। उसके बाद बारात पाकबड़ा ग्रोथ सेंटर चौकी के समीप गोल चक्कर पर पहुंची जहां शाकिर ने छोटे भाई के सिर से सेहरा उतारकर अपने बांध लिया।

लकड़ी पक्ष को लगी दूल्हे के शादीशुदा होने की बात

शाकिर के शादीशुदा होने की बात किसी ने मैनठेर क्षेत्र निवासी लड़की पक्ष को बता दी। ये सुनकर लड़की पक्ष के लोगों के होश उड़ गए। गुस्साए लड़की पक्ष ने दूल्हा सहित बारात को बंधक बना लिया और मैरिज हॉल में हंगामा होने लगे। मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसकी सूचना मिलते ही पाकबड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। बाद में पुलिस दूल्हा शाकिर सहित कुछ लोगों को पकड़कर थाने पर ले आई। दूसरे पक्ष को कभी थाने पर बुला लिया। समाचार लिखे जाने तक पंचायत का दौर चलता रहा। एसओ पाकबड़ा योगेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया है। अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।