एचटी लाइन से टकराई बारात रथ की रोड लाइट, करंट लगने से युवक की मौत; दूल्हे ने बग्गी से कूदकर बचाई जान
गोरखपुर में रविवार देर रात बारात में बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से गुजर रही झुकी हुई हाईटेंशन लाइन से दूल्हे की बग्गी की रोड लाइट टकरा गई।करंट लगने से 19 साल के सचिन की मौत हो गई, जबकि दूल्हा और तीन अन्य लोग घायल हो गए।

यूपी के गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के हरैया टोला कुड़ियहवा में रविवार की देर रात बारात में बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन और एलटी लाइन नीचे झुकी होने के कारण दूल्हे की बग्गी के साथ चल रही रोड लाइट की छतरी उससे टकरा गई। करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दूल्हे ने भी रथ से कूद कर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, चौरीचौरा थाना क्षेत्र के भाऊपुर के रहने वाले राममिलन निषाद के बेटे राहुल चंद निषाद की बारात कमलेश निषाद के घर आई थी। देर रात बारात रोड लाइट व बग्गी के साथ द्वारपूजा के लिए आगे बढ़ रही थी। गांव के चौराहे से बाहर निकलते ही रास्ते में नीचे लटके 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन और एलटी तार से रोड लाइट की छतरी सट गई। इस दौरान रोड लाइट पकड़े 19 साल के सचिन बुरी तरह झुलस गया। वहीं बग्गी पर बैठा दूल्हा और तीन अन्य लोग करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गए।
हड़कंप मचने पर ग्रामीण दौड़े और दूल्हे को सुरक्षित घर ले आए। गंभीर रूप से झुलसे सचिन को ग्रामीण पहले पीएचसी ब्रह्मपुर ले गए, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सीएचसी चौरीचौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नई बाजार चौकी प्रभारी अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है।
ग्रामीणों के प्रयास से सिर्फ सिंदूरदान की रस्म हुई
हादसे से सदमे में आए बाराती बिना शादी किए वापस जाने लगे। बाद में दोनों पक्षों और ग्रामीणों के प्रयास से दूल्हा-दुल्हन की सिंदूरदान की रस्म कराई गई, जिसके बाद बारात तत्काल लौट गई। मृतक सचिन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें


